बागपत के खेकड़ा और बालैनी में बड़ौत से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी रोडवेज की बस ग्राम डूंडाहैड़ा के समीप कोहरे के चलते मार्ग किनारे खडे़ ट्रक से जा टकराई। इससे 14 महिला और पुरुष यात्री घायल हो गए और बस क्षतिग्रस्त हो गई।
इस हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया। राहगीरों ने सभी घायलों को लोनी के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं बालैनी में घने कोहरे के चलते बागपत-मेरठ मार्ग पर बालैनी के हिंडन पुल के पास सोमवार सुबह रोडवेज बस और रेत से भरे ट्रक की भिड़ंत हो गई।
बस में सवार तीन लोग घायल हो गए। सोमवार को सुबह करीब आठ बजे बड़ौत से यात्रियों को लेकर रोडवेज की बस नंबर यूपी चौदह ए टी 8732 शामली - दिल्ली हाईवे से होकर जा रही थी।
जब बस ग्राम डूंडाहैड़ा के समीप बालाजी मंदिर के पास पहुंची, तभी घने कोहरे के कारण मार्ग किनारे खड़ा ट्रक बस चालक को दिखाई नहीं दिया, जब तक बस चालक कुछ समझ पाता, बस ट्रक से जा टकराई।
इससे बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। चालक बस छोड़कर भाग गया। सूचना मिलते ही बालाजी आश्रम में मौजूद भैया दास महाराज टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बस में सवार घायल यात्री बागपत निवासी नदीम, नीरज, नितिन, अजय, सुनील, बबीता, मुकेश, सचिन, राकेश समेत 14 घायलों को लोनी के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच बस को कब्जे में ले लिया। मार्ग किनारे खडे़ ट्रक को भी उसका चालक लेकर भाग गया। समाचार लिखे जाने तक घायलों में से किसी ने भी बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई।
वहीं बालैनी में भी घने कोहरे के चलते बागपत-मेरठ मार्ग पर बालैनी के हिंडन पुल के पास सोमवार सुबह रोडवेज बस और रेत से भरे ट्रक की भिड़ंत हो गई। बस में सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसे के कारण मार्ग पर जाम लग गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
मेरठ डिपो की बस, सोमवार सुबह यात्रियों को लेकर मेरठ से बागपत आ रही थी। जैसे ही सुबह करीब छह बजे बस बालैनी के हिंडन पुल के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे रेत से भरे ट्रक की बस से भिड़ंत हो गई।
बस में सवार मेरठ निवासी कालूराम, जानी निवासी रोहित व हरीश घायल हो गए। दुर्घटना के कारण वहां अफरातफरी मच गई। मार्ग पर जाम लग गया। अन्य यात्रियों ने घायलों को बालैनी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह रोड से वाहन हटवाकर जाम खुलवाया। यात्रियों ने बताया कि हादसा कोहरे के कारण हुआ है। दोनों ही वाहनों की स्पीड बहुत कम थी। यदि वाहनों की गति ज्यादा होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इसके अलावा दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित खेड़की गांव के इंटर कालेज के पास दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। बाइक सवार सोनू और सुमित निवासी बड़ौत घायल हो गए। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उनको निजी अस्पताल में भर्ती कराया।