बागपत के अमीनगर सराय के डौला गांव में मकान में चोरी करने के शक में एक युवक को बंधक बनाकर न केवल पीटा गया, बल्कि उसे कुएं में लटका दिया। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। लोगों ने कहा तांत्रिक के बताए अनुसार ही युवक को पकड़ा गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक डौला गांव में तेजपाल के मकान से चोरों ने सात जून को नगदी, आभूषण समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया था। तलाश करने के बावजूद सामान का कहीं पता नहीं चला था। पुलिस से वारदात की शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ितों को एक तांत्रिक ने जानकारी दी कि चोरी गांव के ही युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर की है।
गांव के काफी लोग आरोपी युवक को मेरठ के किनौनी क्षेत्र के एक मोबाइल टावर से ले आए। लोगों ने पहले आरोपी की पिटाई की। बाद में उसे एक ट्यूबवेल पर बंधक बनाया। इतना ही नहीं उसे कुएं में लटका दिया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। गांव के लोगों की माने तो आरोपी युवक ने स्वीकारा की कि उसने ही अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की।
सिंघावली अहीर थाना प्रभारी चंद्रकांत पांडेय ने कहा लोगों ने चोरी करने के शक में युवक को पकड़ा था। उसे कुएं में लटकाने का आरोप गलत है। युवक अभी तक चोरी करने से मना कर रहा है।
युवक के अपहरण और हत्या की सूचना पर दौड़ी पुलिस
बागपत। थाना प्रभारी के मुताबिक शुक्रवार की रात में किनौनी के मोबाइल टावर से चार लोगों द्वारा युवक का अपहरण कर सिंघावली अहीर क्षेत्र में आने की सूचना मिली थी। कुछ ही देर बाद युवक की हत्या कर शव एक नलकूप में होने की जानकारी मिली। दोनों ही सूचना गलत पाए गई थी।