अमीनगर सराय (बागपत)। सैड़भर गांव में एक युवक की शुक्रवार रात आग में जलकर मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक अलाव तापते समय दौरा पड़ने से युवक बेहोश होकर आग में गिर गया। आग में जलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए उसके शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया।
सैड़भर निवासी युवक अताउल्लाह खान (23) पुत्र गफ्फार शुक्रवार की रात करीब सात बजे घर के नजदीक कब्रिस्तान के पास आग जलाकर ताप रहा था। इसी दौरान दौरा पड़ने से वह बेहोश होकर आग में गिर गया। उसके साथ कोई नहीं था। जब तक परिजन मौके पर पहुंचते, युवक की आग में जलकर मौत हो चुकी थी। इससे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना देर रात ही युवक के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया। पिता गफ्फार ने बताया कि अताउल्लाह खान को दौरा पड़ने की बीमारी थी। उधर, थाना पुलिस का कहना है कि इस संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है।