बागपत के बड़ौत के धनौरा सिल्वर नगर की अपह्त युवती की हापुड़ में हत्या के मामले में नया मोड़ ले लिया है। हापुड़ देहात पुलिस ने शामली जनपद के कुड़ाना गांव से युवती को प्रेमी के साथ हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने उससे पूछताछ की। इस मामले में युवती के परिजनों ने शव की शिनाख्त की थी।
पूजा (19) पुत्री सुनील निवासी धनौरा सिल्वर नगर थाना बिनौली जनपद बागपत 11 फरवरी को अपनी बहन की किताब लेने के लिए बड़ौत आई थी और लापता हो गई थी। उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला था। उसकी मां संजू ने बिनौली थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी और उसमें अपहरण की आशंका जताई गई थी। सोमवार की सुबह हापुड़ से उसकी मां संजू व चाचा दीपक को सूचना मिली की उसका शव हापुड़ थाना देहात के परिनगर सूदना गांव के जंगल में पड़ा हुआ है।
इस पर उनके परिजनों ने वहां जाकर पूजा के रूप में उसके शव होने की आशंका जताई थी। हालांकि पुलिस ने उसकी पुष्टि नहीं की थी और सही शिनाख्त न होने पर पुलिस ने डीएनए टेस्ट के लिए लिखा था। बुधवार की शाम हापुड़ देहात थाने के थानाध्यक्ष दीक्षित त्यागी ने बताया कि पूजा व उसके प्रेमी अंकित को शामली के कुड़ाना गांव से बरामद कर लिया गया है और वह जिंदा है। उनसे पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में पूजा की मां संजू व चाचा दीपक से दूरभाष पर बात की गई, तो उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिली है और पूजा जिंदा है वे वहां जा रहे है। वहां पहुंचने पर ही सही सूचना पता चलेगी।