एक्सईएन का घेराव कर खरी-खोटी सुनाते जौनमाना के ग्रामीण।
- फोटो : amar ujala
बागपत के बड़ौत में बिजली समस्या को लेकर शनिवार को जौनमाना गांव के ग्रामीणों ने कोताना रोड स्थित एक्सईएन प्रथम कार्यालय में अधिशासी अभियंता और एसडीओ का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया। क्षुब्ध ग्रामीणों ने एक्सईएन को जमकर खरीखोटी सुनाई। इस दौरान ग्रामीणों ने कार्यालय में तालाबंदी करने और बड़ौत-कोताना रोड पर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस से भी ग्रामीणों की नोकझोंक हुई। ग्रामीणों ने दो दिन में समस्या हल नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्रामीणों ने कहा गांव में पिछले 15 दिन से विद्युत लाइन टूटी है, इस कारण पूरे गांव की सप्लाई ठप है। गांव में बिजली नहीं होने से ग्रामीणों को पशुओं का चारा काटने, पेयजल व्यवस्था को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालत इतने खराब हैं कि ग्रामीणों को पांच रुपये प्रति मिनट के हिसाब से जनरेटर किराये पर लाकर पेयजल की व्यवस्था करनी पड़ रही है। वहीं रात में चोरों का डर बना रहता है, दर्जनों बार शिकायतों करने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने एक्सईएन प्रथम केसी गौतम का घेराव कर उन्हें खरीखोटी सुनाई।
इस दौरान समस्या के समाधान के लिए जब ग्रामीणों ने राज्यमंत्री चौधरी साहब सिंह से फोन पर एक्सईएन की बात करानी चाही तो, ग्रामीणों का आरोप है कि एक्सईएन ने कहा मै नहीं जानता कौन है मंत्री, ऐसे दर्जनों मंत्री देखे हैं मैंने। आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्यालय में तालाबंदी और बड़ौत-कोताना मार्ग पर जाम लगाने का भी प्रयास किया। इस संबंध में एक्सईएन प्रथम केसी गौतम ने आरोप को निराधार बताते हुए पल्ला झाड़ लिया। हंगामे में राजपाल तोमर, संजीव, धनराज, मांगे, नरेंद्र, डॉ. जयवीर, ओंकार, जगवीर, सुरेंद्र आदि रहे।