बड़ौत। बढ़ी विद्युत पावर और विद्युत से जुड़ी समस्याओं को लेकर कोताना रोड स्थित एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर चल रहे भाकियू कार्यकर्ताओं के धरने के पांचवें दिन कार्यकर्ताओं ने ्हंगामा-प्रदर्शन किया। र
कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकालकर कार्यालय पर तालाबंदी कर दी। इस दौरान उनकी विद्युत कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। हंगामे की सूचना पर पहुंचे सीओ, एक्सईएन सहित विद्युत मजदूर पंचायत के पदाधिकारियों ने मामला शांत किया।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि बढ़ी विद्युत पावर और अन्य समस्याओं को लेकर कई दिनों से कार्यालय पर धरना चल रहा है। लेकिन किसी भी अधिकारी ने सुध नहीं ली। धरने पर मौजूद किसानों की फसलें बिन पानी सूखकर बर्बाद हो रही है। इसके बावजूद किसी भी अधिकारी को इसकी चिंता नहीं है। उन्होंने समस्या को लेकर कार्यालय पर जमकर हंगामा किया और कर्मचारियों को बाहर निकालते हुए तालाबंदी कर दी।
इस दौरान उनकी विद्युत कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई।
हंगामा बढ़ता देख सूचना पर पहुंचे सीओ कर्मवीर सिंह, कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार, एक्सईएन प्रथम अजय कुमार, विद्युत मजदूर पंचायत के जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर, संजीव तोमर ने उन्हें किसी तरह समझाकर शांत किया। बाद में कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल एक्सईएन प्रथम के साथ अधीक्षण अभियंता से मिला। कार्यकर्ताओं ने समस्या का पूर्णरूप से समाधान न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। अध्यक्षता धूम सिंह भगत और संचालन ब्लाक अध्यक्ष कृष्णपाल ने किया। हंगामा करने वालों में प्रदीप गुर्जर, इंद्रपाल, कर्मपाल, बबलू दांगी, ब्रहम सिंह, धर्मवीर सिंह, ठाकुर चमन सिंह, विजयपाल, सुक्का, हरेंद्र आदि शामिल रहे।