बागपत। ग्रामीणों को बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए जल्द ही तीन बिजलीघरों की शुरूआत होगी। 31 मार्च तक खट्टा प्रह्लादपुर, शिकोहपुर और बागपत शहर का बिजलीघर भी चालू करा दिया जाएगा। छपरौली में बिजलीघर पहले ही शुरू हो चुका है।
विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता वीके पांडेय ने बताया कि छपरौली का बिजलीघर तीन दिन पहले चालू हो गया है। अन्य बिजलीघरों को भी शीघ्र चालू करा दिया जाएगा। बागपत शहर के बिजलीघर का तो ट्रायल भी चल रहा है। उन्होंने बताया कि एक बिजलीघर के निर्माण में साढ़े तीन से चार करोड़ रुपये का खर्च हुए हैं।
नए बिजलीघर शुरू होने से अन्य बिजलीघरों से लोड कम होगा। खट्टा प्रह्लादपुर में बिजलीघर तैयार होने से डौला और ढिकौली के बिजलीघर का लोड कम हो जाएगा। नए बिजलीघर बन जाने से आपूर्ति में भी सुधार होगा। एसई का कहना है कि एक अगस्त से गांवों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।