बड़ौत के कोताना रोड़ स्थित एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर तालाबंदी कर प्रदर्शन करते किसान
- फोटो : amar ujala
बागपत के बड़ौत में विद्युत समस्याओं को लेकर बृहस्पतिवार को क्षेत्र के किसानों ने कोताना रोड पर स्थित एक्सईएन प्रथम कार्यालय में जमकर हंगामा किया। गुस्साए किसानों ने विद्युत कर्मचारियों को बंधक बनाया और कार्यालय में तालाबंदी कर दी। इस दौरान उनकी कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई। सूचना पर पहुंचे अधिशासी अभियंता और विद्युत मजदूर पंचायत के पदाधिकारियों ने किसानों को समझाकर शांत किया। किसानों ने समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
लुहारी और शबगा गांव से पहुंचे किसानों ने कहा ओवरलोड के चलते 15 दिन से उनके नलकूपों पर रखे 25 और 63 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर फूंके पड़े हैं, लेकिन विद्युत अधिकारी न तो ट्रांसफार्मर बदल रहे हैं और न ही उनके नलकूपों के कटे कनेक्शनों को जोड़ रहा है। इससे उनकी फसल सिंचाई के अभाव में सूख रही है। किसानों ने कहा अधिकारी उन पर बकाया बिल जमा करने का दबाव बना रहे हैं, जबकि क्षेत्र की चीनी मिले किसानों को गन्ना का भुगतान नहीं कर रही हैं।
किसान कालू, विजयपाल, रणधीर, पिंटू, सुरेंद्र, राम नारायण, बबलू, किरण, बाबू, मौसम, रामपाल, रणधीर आदि ने बताया गत वर्ष तहसील में समस्या को लेकर कई दिन चले धरने में प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में समझौता हुआ था कि जब तक चीनी मिले किसानों का बकाया नहीं देती, तब तक किसानों के यहां कोई चेकिंग या बिल जमा करने का दबाव नहीं बनाया जाएगा। निगम के कर्मचारी समझौते का उल्लंघन कर रहे हैं, जो बर्दास्त नहीं होगा।
सूचना पर पहुंचे अधिशासी अभियंता अजय कुमार, विद्युत मजदूर पंचायत के जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर और संजीव तोमर ने नाराज किसानों को समझाकर कर्मचारियों को बंधन मुक्त कराया और तालाबंदी खुलवाई। एक्सईएन अजय कुमार ने कहा बकाया बिल जमा न होने पर कनेक्शन काटने के आदेश मिले हैं, इसका पालन किया जा रहा है।