बागपत। जिला अस्पताल में एक्स-रे कराना है तो स्मार्ट फोन लेकर जाना होगा। अस्पताल में एक्स-रे की फिल्म खत्म है। एक्स-रे के बाद मरीजों को मशीन की स्क्रीन में आने वाली तस्वीर की फोटो खिंचवाई जा रही है। फोन न होने पर मरीजों को दूसरे मरीज के फोन से फोटो खींचकर चिकित्सक से जांच करानी होगी।
जिला अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे की सुविधा है, मगर वहां एक्स-रे की फिल्म खत्म हो गई है। मरीजों को एक्स-रे की फिल्म के बजाए मशीन की स्क्रीन का फोटो मोबाइल में खींचना पड़ रहा है। कक्ष में तैनात कर्मचारी एक्स-रे करने के बाद मरीज को मशीन पर आने वाली स्क्रीन का मोबाइल से फोटो खिंचवाता है। मरीज उसका फोटो खींचने के बाद डॉक्टर को दिखाते है और उसके बाद उनका इलाज शुरू होता है। जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिन मरीजों के पास मोबाइल नहीं हैं, उनकी परेशानी ज्यादा बढ़ जाती है।
एक्स-रे की फोटो दिखाकर हो रहा इलाज
एक्स-रे के बाद कक्ष में मौजूद कर्मचारी मरीज को अपने फोन में फोटो खींचने और फोटो को चिकित्सक को दिखाने के लिए बोलता है। मरीज फोन में खींची फोटो को चिकित्सक को दिखाकर अपना इलाज शुरु कराते है।
मोबाइल न होने पर दूसरों का लेना पड़ रहा सहारा
अस्पताल में बिना फोन एक्स-रे कराने के लिए आने वाले मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीज दूसरे मरीजों के फोन से फोटो लेने के बाद डाक्टर के पास तक लेकर जाते हैं। अगर कोई डाक्टर के पास तक नहीं जाता है या डाक्टर के कक्ष में भीड़ रहती है तो उस फोटो को अपने परिवार के किसी सदस्य के फोन पर व्हाट्सएप से भेजते हैं। उसके अगले दिन परिवार के उस सदस्य के साथ अस्पताल आकर अपनी जांच कराते हैं।
-जिला अस्पताल में एक्स-रे कराने के लिए आया था। एक्स-रे के बाद फिल्म नहीं दी गई। मशीन की स्क्रीन का फोटो मोबाइल से लेकर अपनी जांच कराई है। -मोहित, बसी
- अस्पताल में एक्स-रे कराया है। कर्मचारी ने मशीन की स्क्रीन का फोटो लेने के लिए कहा था। मोबाइल फोन न होने पर दूसरे मरीज के फोन से फोटो लेना पड़ा। - जाहिदा, मुरादनगर
-पीठ में दर्द रहता है। एक्स-रे के बाद कर्मचारी ने रीढ़ की हड्डी में टेढ़ापन बताया है। एक्स-रे मांगने पर उसने मशीन की स्क्रीन का फोटो खींचकर डॉक्टर को दिखाने के लिए कहा है। बेटे ने मोबाइल से फोटो लिया है।- बिलेश देवी, लुहारी
- जिला अस्पताल में एक्स-रे की फिल्म खत्म हो गई है। एक्स-रे के बाद कर्मचारी मशीन की स्क्रीन का फोटो खिंचवा रहा है। एक्स-रे बाद फोटो खींचकर डाक्टर को दिखनी पड़ी। शानू, बिलौचपुरा
वर्जन - एक्स-रे मशीन की फिल्म खत्म है। मरीजों को मशीन की स्क्रीन पर आने वाली तस्वीर का फोटो मोबाइल से खिंचवाकर इलाज कराया जा रहा है। शासन को फिल्म की डिमांड भेजी जा चुकी है, जल्द ही फिल्म मिलने की उम्मीद है। फिल्म मिलने पर मरीजों को उपलब्ध कराई जाएगी। - डॉ. एसके चौधरी, सीएमएस