शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस ने अभियान चलाया तो पूरे बाजार में खलबली मच गई। पुलिस ने सड़क पर लगा रखी भट्ठी तुड़वा दी और दुकानों को सड़क से हटवाया।
अतिक्रमण हटवाए जाने की कार्रवाई करते ही व्यापारी सड़क पर उतर आए और पुलिस से उलझ बैठे। विरोध बढ़ने पर पुलिस ने तुरंत अतिक्रमण हटाने की चेतावनी देकर अभियान बंद कर दिया।
नगर पालिका के अधिकारियों द्वारा अतिक्रमण हटवाने से इंकार किए जाने के बाद इस बार पुलिस ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया और एक ओर से ही बाजार से अतिक्रमण हटवाना शुरू कर दिया।
अतिक्रमण हटवाए जाने की कार्रवाई होते ही पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। गांधी बाजार में तो सड़क पर ही भट्ठियां लगी मिलीं, जिन्हें पुलिस कर्मियों ने तोड़ डाला और सड़क पर रखा सामान जब्त कर लिया।
इसके बाद तो एक के बाद एक करके सड़क पर रखे सामान को पुलिसकर्मियों ने ट्रैक्टर ट्राली में भरना शुरू कर दिया। सड़क पर चल रहीं अस्थायी दुकानें, भट्ठी, ठेलियों को हटवाया। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में व्यापारी सड़कों पर उतर आए और हंगामा किया।
पुलिस अधिकारियों से व्यापारियों की जमकर नोकझोंक हुई। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बाजार से अधिक जाम की स्थिति तो कोतवाली के बाहर रहती है, जहां पुलिस ने ही अतिक्रमण कर रखा है। पकड़े गए ट्रक, कार, टैंपो छोटी सी सड़क पर खड़े कर दिए हैं।
व्यापारियों के विरोध के चलते पुलिस को लाठियां तक भांजनी पड़ीं। पुलिस ने कई दुकानों के सामान को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि अधिक विरोध के चलते पुलिस ने अभियान को खत्म कर दिया।
कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह यादव का कहना है कि शहर की सड़कों पर अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी ने अतिक्रमण करने का प्रयास किया तो कार्रवाई की जाएगी।