महागौरी की पूजा कर कन्याओं को भोज कराया
बागपत। नवरात्र की अष्टमी पर मां भगवती के आठवें स्वरूप महागौरी की चंपा-चमेली के फूल, सेब, गोला और मिश्री से पूजा अर्चना की गई। जगह-जगह मंदिरों में भजन और कीर्तन किए गए। माता की चौकी और दुर्गा सरस्वती के पाठ हुए। दुर्गा अष्टमी के मौके पर जिलेभर में श्रद्धालुओं ने देवी स्वरूपी कन्याओं को भोजन कराने के बाद अपने व्रत खोले।
जिलेभर में दुर्गा अष्टमी का पर्व धूमधाम के साथ मनाया। अष्टमी पर मां भगवती के आठवे स्वरूप महागौरी की पूजा अर्चना की। ज्योतिषाचार्य पंडित राजकुमार शास्त्री ने बताया कि माता पार्वती ने भगवान शिव को वर रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तपस्या की थी। इस कारण इनका शरीर काला पड़ गया। भगवान भोलेनाथ ने प्रसन्न होकर उन पर गंगाजल का छींटा लगाया। तब इनका वर्ण सफेद हो गया तथा इनका नाम महागौरी पड़ा। इनकी पूजन करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। दैहिक, दैविक और भौतिक तपों से मुक्ति देती है। अष्टमी पर जो लोग कन्या पूजन करते है उनके सभी दु:ख समाप्त हो जाते है। यज्ञ से ही नवरात्र का समापन होता है। पुरानी तहसील में माता की चौकी पर अष्टमी के मौके पर महागौरी की पूजा की गई। प्रसाद का वितरण किया। उपेंद्र शर्मा, मिट्ठनलाल वर्मा, प्रदीप, विनय, देवेंद्र शर्मा, विकास शर्मा, दिनेश कुमार मौजूद रहे। दुर्गा अष्टमी पर श्रद्धालुओं देवी स्वरूपी छोटी-छोटी कन्याओं को घरों में भोज कराया। उसके बाद अपने उपवास खोले। कन्याओं को विभिन्न प्रकार के उपहार दिए गए। शहर में भोज कराने के लिए मां के उपासक कन्याओं को खोजते रहे। सुबह से लेकर दोपहर तक कन्याओं को घरों में भोजन कराने का सिलसिला चलता रहा।
दुर्गा अष्टमी पर निकाली पंखा शोभा यात्रा
शहर के बड़ा बाजार स्थित ठाकुर द्वारा मंदिर से दुर्गा अष्टमी के मौके पर दुर्गा नवयुवक मंडल की ओर से पंखा शोभा यात्रा निकाली गई। जिसका शुभारंभ मंदिर से हुआ। सराफ बाजार से होते हुए यात्रा पक्का घाट मंदिर पहुंची, जहां पर पंखा चढ़ाया गया। उसके बाद विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा ठाकुर द्वारा मंदिर पर आकर संपंन हो गई। प्रसिद्ध बैंडबाजों और कीर्तन मंडलियों द्वारा भगवान का गुणगान किया जा रहा है। अजय गोयल, नरेश गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, बलराम गुप्ता, सुभाष गोयल, कपिल गुप्ता उर्फ कन्हैया, शिवम गुप्ता, विनीत मित्तल, रोहित गुप्ता का सहयोग रहा।
बागपत में दुर्गाष्टमी पर्व पर पंखा यात्रा निकालते श्रद्धालु- फोटो : BAGHPAT
बागपत के पक्काघाट में दुर्गाष्टमी पर्व पर रोशनी से जगमगाता दुर्गा मंदिर- फोटो : BAGHPAT