बड़ौत। वित्त वर्ष 2023-24 की समाप्ति के अंतिम दिन रविवार को भी बैंक शाखाएं और ऊर्जा निगम के कार्यालय खुले रहे। बैंक शाखाओं में जहां इनकम टैक्स रिटर्न ही दाखिल किए जा रहे थे वहीं ऊर्जा निगम के कार्यालयों पर बकाया बिल जमा किए जाने के लिए लाइन लगी रही। रजिस्ट्री कार्यालय में भी बैनामों के लिए भीड़ लगी रही।
बावली रोड स्थित केनरा बैंक में तैनात सीनियर कर्मचारी सचिन पंवार ने बताया कि वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले बैंक शाखाओं में बहुत कामकाज होता है। लेखा पुस्तकों को बंद करने के साथ-साथ नए वित्त वर्ष के लिए नई शुरुआत करनी है। ऐसे में बैंक कर्मचारी अंतिम क्षण तक उसमें लगे रहते हैं। रिजर्व बैंक ने आयकर दाताओं की सुविधा के लिए इस बार शनिवार-रविवार को भी बैंकों को खोलने का निर्देश दिया था।
उधर, ऊर्जा निगम के एक्सईएन प्रथम दीपांशु सहाय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 31 मार्च को पूरा होने जा रहा है। ऐसे में निगम ने छुट्टी के दिन भी कैश काउंटर खोलने का निर्णय लिया है। निगम कर्मियों की छुट्टियों को रद कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बिल वसूली की हिदायत दी गई है। जिले के देहात व शहरी क्षेत्र में जगह-जगह 120 शिविर लगाकर विद्युत बिल जमा कराए गए।