विकास की बात : काम शुरू, एक महीने में 57 सड़कें होंगी गड्ढामुक्त
- लोक निर्माण विभाग की 75 सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए 22 करोड़ रुपये की मिली थी मंजूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। विशेष मरम्मत के बाद एक महीने में जिले की 57 सड़कें गड्ढामुक्त कर दी जाएंगी। जिसमें 75 सड़कों की विशेष मरम्मत का प्रस्ताव पास होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने 18 सड़कों का काम शुरू करा दिया। अब गड्ढों में तब्दील 57 सड़कों की विशेष मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सर्वे कराने के बाद पिछले कई सालों से गड्ढों में तब्दील 75 सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। जिसके लिए 22 करोड़ रुपये जारी कराने की मांग की थी। शासन से 75 सड़कों की विशेष मरम्मत का प्रस्ताव मंजूर हो गया और 11 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए। जिसके बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने काम शुरू करा दिया। जिसके चलते 18 मार्गों का निर्माण एक सप्ताह पहले पूर्ण कराकर रिपोर्ट शासन को भेज दी गई और 57 मार्गों की विशेष मरम्मत पर काम शुरू करा दिया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एक महीने में सड़कों की विशेष मरम्मत का काम पूर्ण कराने की तैयारी में जुटे हुए है।
- इन मार्गों की होगी विशेष मरम्मत
लोक निर्माण विभाग की तरफ से दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे से गोठरा मार्ग, सिंगौली तगा से रटौल, बिजरौल से वाजिदपुर नाले वाली पटरी, बावली रजवाहे की पटरी, बड़ौत अमीनगर सराय मार्ग से मुजफ्फरपुर पोइस, जिवाना प्याऊ से बिजवाड़ा मार्ग, तेड़ा बाईपास मार्ग, ढिकौली में आबादी भाग का सीसी निर्माण, लोनी-रटौल मार्ग से मुबारिकपुर, चांदीनगर से ओगटी, पाबला से बसी, लोयन मलकपुर से चौबली, ईदरीशपुर नहर की पटरी, बुढेड़ा से चौपड़ा, खामपुर से ढिकाना, बंथला-ढिकौली मार्ग पर भगौट गांव में आबादी से विनयपुर गांव के तक समेत 57 मार्गों की विशेष मरम्मत कराई जा रही है।
- वर्जन-
75 सड़कों की विशेष मरम्मत का प्रस्ताव मंजूर होने के बाद काम शुरू करा दिया गया है। जिसमें 18 सड़कों की विशेष मरम्मत पूरी हो चुकी है, जबकि 57 सड़कों पर काम शुरू करा दिया गया है। जिसे एक महीने में पूर्ण करा दिया जाएगा। - अतुल कुमार, अधिशासी अभियंता, लोनिवि।