बालैनी/अमीनगर सराय/दाहा। पुरामहादेव मंदिर में चार दिवसीय मेले की तैयारियां तेजी से शुरू हो गई हैं। इस बार कांवड़ियों को धूप व बारिश से बचाने के लिए बैरिकेडिंग के ऊपर टीन शैड लगाई जाएगी। साथ ही जगह-जगह कूलर भी लगाए जा रहे हैं। वहीं, एसपी ने दाहा व बिनौली क्षेत्र के कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया।
परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में 31 जुलाई से तीन अगस्त तक चार दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में 20 लाख से अधिक कांवड़िये पहुंचकर भगवान भोले को जलाभिषेक करते हैं। मेले को सफल बनाने के लिए प्रशासन और मंदिर समिति के पदाधिकारी तैयारी में लगे हुए हैं। किसान धर्मशाला के पास लगाई गई बैरिकेडिंग के पास कांवड़ियों को गर्मी से बचाने के लिए 18 बड़े कूलर लगाए गए हैं। मंदिर समिति कोषाध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि इस बार सभी बैरिकेडिंग के ऊपर टीन शेड भी लगवाई जा रही है, जिससे कांवड़ियों को बारिश, धूप से बचाया जा सके। वहीं, कांवड़ियों के लिए पांच लाख पानी के पाउच और बोतलों की व्यवस्था की गई है।
एसपी ने कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया
दाहा। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने कांवड़ मार्ग बड़ौत-मुजफ्फरनगर, भड़ल-दाहा चौकी मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बड़ौत में चल रहे रेलवे पुल निर्माण के कारण डाक कांवड़ इस बार भी बड़ौत के अंदर नहीं जा पाएगी। इससे पुसार चौराहे से डाक कांवड़ के लिए रूट डायवर्ट किया जाएगा। जहां ट्रैफिक पुलिस व पुलिस तैनात कर दी गई। एसपी ने निरीक्षण के दौरान कहा कि कांवड़ मार्गों पर कांवड़ियों का आवागमन होने लगा है। इसके लिए कावड़ मार्गों पर पड़ने वाली सभी पुलिस चेक पोस्ट पर हर समय पुलिस कर्मी तैनात रहे। सभी सीसीटीवी ठीक कराए जाए।
हरिद्वार कांवड़ लेने गया महाबली ग्रुप
अमीनगर सराय। सिंघावली अहीर गांव से कांवड़ लेने के लिए महाबली ग्रुप बुधवार को रवाना हो गया है। ग्रुप में 40 युवक शामिल है। महाबली ग्रुप इस बार बाबा बर्फानी केदारनाथ की कांवड़ लेकर हरिद्वार से पुरा महादेव पहुंचेंगे और भगवान शिव को जलाभिषेक करने के बाद सिंघावली अहीर के शिव मंदिर में जल चढ़ाएंगे।