- विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत बागपत को मिला लक्ष्य
- महिलाओं को सिलाई का प्रशिक्षण भी दिलाया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लिए शासन से लक्ष्य जारी कर दिया गया है। इसके तहत बागपत में महिलाओं को सिलाई मशीन और अन्य दस्तकारों को टूल किट मिलेंगी। दस्तकारों को उनकी पसंद की ट्रेड में प्रशिक्षण दिलाकर प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इससे महिलाएं रोजगार कर सकेंगी।
बागपत में 525 महिलाओं को 10 दिन का सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि में उन्हें चार हजार रुपये से ज्यादा की प्रोत्साहन राशि तथा प्रमाण पत्र दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को टूल किट जैसे सिलाई मशीन, कैंची, धागा की रील आदि मुफ्त मिलेंगी।
वहीं, लुहार, बढ़ई, हलवाई, मिट्टी बर्तन बनाने आदि ट्रेड में 400 दस्तकारों को प्रशिक्षण के साथ ही टूल किट मिलेंगी। असंगठित क्षेत्र में हाथ के औजार का उपयोग करके स्वरोजगार में लगे श्रमिक या कारीगर लाभ उठा सकते हैं।
इसके लिए आवेदक की आयु 18 साल से ज्यादा होनी चाहिए। यह योजना पारंपरिक कारीगरों को उनके कौशल को बढ़ाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने में मदद करेगी। जिला उद्योग प्रोत्साहन केंद्र की सहायक प्रबंधक नेहा ने कहा कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का लक्ष्य मिल गया, जिसे समय से पूरा कराया जाएगा।
योजना का उद्देश्य बेरोजगारी मिटाकर महिलाओं समेत दस्तकारों की आजीविका की राह को आसान बनाना है। परंपरागत दस्तकारों को प्रशिक्षण दिलाने का यह फायदा होगा कि उनके पास उनकी दस्तकारी का प्रमाण भी होगा।