बागपत। कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को बैठक हुई। डीएम अस्मिता लाल ने कहा कि 12 नवंबर को सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज में रोजगार मेला लगाया जाएगा। मेले में स्थानीय कंपनी के अलावा बाहर की कई कंपनी आकर युवाओं का चयन करेगी।
उन्होंने बताया कि मेले के लिए प्रशासन, सेवायोजन विभाग, यूपीसीडा, उपायुक्त उद्योग, खाद्य सुरक्षा, लोक निर्माण, ग्रामीण अभियंत्रण, आयुष और स्वास्थ्य विभाग ने मिलकर कार्ययोजना तैयार की है। मेले में कई कंपनी हिस्सा लेंगी और क्षेत्र के युवाओं को रोजगार देकर उन्हें आगे बढ़ाया जाएगा। रोजगार मेले में युवाओं के साथ ही महिलाओं व दिव्यांगों को भी मेले में बुलाकर रोजगार दिलाया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को मेले में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी है। बताया कि युवा रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण करें, ताकि उन्हें किसी भी तरह की परेशानी न उठानी पड़े। इस दौरान सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव, डीडीओ राहुल वर्मा, जिला सेवायोजन रोजगार अधिकारी विपिन कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राघवेंद्र सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉक्टर यशवीर आदि मौजूद रहे।