फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भड़ल में डकैती के विरोध पर महिला की हत्या

Fri, 04 Nov 2016 11:42 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बागपत
विज्ञापन
भड़ल गांव में महिला की हत्या के बाद कमरे में बिखरा पड़ा सामान। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
बागपत के दोघट के भड़ल गांव में बदमाशों ने बृहस्पतिवार रात जमकर कहर बरपाया। भाजपा नेता एवं पूर्व जिपं सदस्य राजेश राणा के पिता के मकान में बदमाशों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया। विरोध करने पर उनकी माता विद्या देवी (75) की गला दबाकर हत्या कर दी। बदमाश यहां से एक लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवरात लूटकर ले गए।  इसके अलावा भी बदमाशों ने गांव में कई मकान खंगाले। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। 
विज्ञापन


दिल्ली कृषि विभाग के रिटायर फिल्ड ऑफिसर ब्रह्मसिंह अपने पैतृक गांव भड़ल में रहते हैं। उनकी पत्नी विद्या देवी और बेटा प्रवीण राणा और अनुज अपने बच्चों के साथ बृहस्पतिवार रात मकान में सोए हुए थे। प्रवीण राणा के मुताबिक मकान के एक कमरे में उनकी माता विद्यादेवी और भतीजी पायल (14) सोई हुई थी। रात करीब दो बजे छह बदमाश उनके मकान में घुस आए और सामान उठाने लगे। इसी दौरान माता विद्यादेवी जाग गई।

शोर मचाने पर बदमाशों ने उनकी गला दबाकर हत्या कर दी। पास में ही चारपाई पर सो रही उनकी भतीजी पायल की नींद खुली तो वह चिल्लाने लगी। इसके बाद वह, उनकी पत्नी सोमा देवी, भाई अनुज, भाभी अनीता और बच्चे जाग गए। वे कमरे में पहुंचे तो बदमाश फरार हो गए। बदमाश मकान से एक लाख रुपये, सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान लूटकर ले गए। इससे वहां पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दोघट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लिया। दोघट थाना प्रभारी चंद्रकांत पांडेय का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट होगी। 
विज्ञापन


विद्यादेवी की बेटी है पूर्व जिला पंचायत सदस्य 
दोघट। परिजनों के मुताबिक विद्यादेवी की बेटी राजेश राणा पूर्व जिला पंचायत सदस्य है। वर्तमान में भाजपा नेता एवं दिल्ली के विकासपुरी की पार्षद है। 

दिल्ली में धेवते की 11 नवंबर की है शादी 
दोघट। परिजनों के मुताबिक विद्यादेवी के दिल्ली में रहने वाले धेवते की 11 नवंबर की शादी है। उसका भात देने के लिए परिवार के लोग तैयारी में लगे हुए थे। 

परिवार में मचा कोहराम
दोघट। विद्यादेवी के तीन बेटे प्रवीन, अनुज व मोहित तथा चार बेटी राजेश, बालेश, मुनेश और अनीता है। उनके सबसे बड़े बेटे परमवीर की कई साल पूर्व बीमारी से मौत हो गई थी। विद्यादेवी की हत्या से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। 

इन लोगों के मकान में बदमाशों ने बोला धावा 
दोघट। ग्रामीणों के मुताबिक राजवीर पुत्र भुल्लन सिंह, योगेंद्र पुत्र ओमपाल, सत्यपाल पुत्र महिपाल के मकान में भी बदमाशों ने धावा बोला। लेकिन जाग होने पर बदमाश लूटपाट करने में सफल नहीं हो सके। तीनों ही मकानों में सामान बिखरा हुआ मिला। 

छत के रास्ते आए, कमरों की लगाई कुंडी 
दोघट। ग्रामीणों के मुताबिक बदमाश सभी मकानों में छत के रास्ते आए थे। जिन मकानों में परिजन सोए हुए थे। उनकी पहले ही कुंडी लगा दी थी, ताकि जाग होने पर मकान के लोग कमरे से बाहर न निकल पाए। 

पहले भी हो चुकी डकैती के विरोध पर हत्या 
बागपत। जनपद में डकैती के विरोध पर हत्या का पहले मामला नहीं है। इससे पहले भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी है। तीन साल पहले गौरीपुर मीतली गांव में आयकर विभाग के रिटायर अफसर तरसपाल की पत्नी प्रेमवती की मकान में लूट के विरोध पर हत्या कर दी गई थी। पुलिस अभी तक केस का खुलासा नहीं कर पाई है। इससे अलावा बड़ौत क्षेत्र में पशु लूट के विरोध पर व्यापारी की हत्या कर चुके हैं। पुलिस इन घटनाओं पर अंकुश लगा पाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। इससे लोगों में पुलिस के प्रति रोष व्याप्त है। 

गला दबने से गई विद्यावती की जान 
बागपत। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक विद्यावती की जान गला दबने से गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पहले पुलिस आशंका जता रही थी कि उनकी बीमारी से मौत हुई है। 

वृद्धा की हत्या की गई, मकान से लूट नहीं हुई : एसओ 
बागपत। दोघट थाना प्रभारी चंद्रकांत पांडेय का कहना है कि वृद्धा  की गला दबाकर हत्या की गई है। लेकिन मकान से लूट नहीं हुई है। लूटपाट का आरोप पूरी तरह से गलत है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें