छपरौली। बोढ़ा गांव में मेडिकल स्टोर की आड़ में क्लीनिक चला रहे अप्रशिक्षित चिकित्सक के इंजेक्शन लगाने के बाद महिला ममता (45) की मौत हो गई। महिला को बुखार होने के कारण परिजन उस अप्रशिक्षित चिकित्सक के पास लेकर गए थे। महिला की मौत होने पर परिजनों ने क्लीनिक पर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अप्रशिक्षित चिकित्सक अमरेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पकड़ लिया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक को सील कर जांच शुरू कर दी।
बोढ़ा गांव निवासी आकाश ने बताया कि उनकी मां ममता को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। मंगलवार की सुबह वह गांव में मेडिकल स्टोर के पीछे की तरफ क्लीनिक चला रहे अप्रशिक्षित चिकित्सक अमरेश के यहां उपचार कराने पहुंचे। वहां उनको इंजेक्शन लगा दिया गया तो वह उनको वापस घर लेकर गए। उन्होंने बताया कि एक घंटे बाद ही तेज बुखार तेज हो गया और पूरे शरीर में दर्द शुरू हो गया। हालत ज्यादा बिगड़ने पर बड़ौत के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत के बाद परिजनों ने क्लीनिक पर वापस आकर हंगामा किया। उन्होंने अप्रशिक्षित चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया। इसकी सूचना देने पर छपरौली थाना पुलिस भी वहां पहुंच गई। अप्रशिक्षित चिकित्सक अमरेश को पुलिस थाने लेकर चली गई और उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका के बेटे आकाश ने आरोप लगाया कि इस तरह उपचार में लापरवाही से पहले भी कई की मौत हो चुकी हैं।
उन्होंने सीएमओ डॉ. तीरथलाल व एसपी पूर्णेंदु सिंह से शिकायत करते हुए अप्रशिक्षित चिकित्सक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। सीओ अंशु जैन ने बताया कि मृतक महिला ममता के बेटे आकाश की तहरीर पर अप्रशिक्षित चिकित्सक अमरेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम के बाद महिला का विसरा सुरक्षित रखा गया है, जिसको विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
- शिकायत पर भी नहीं हुई कार्रवाई
आकाश का आरोप है कि पहले भी अप्रशिक्षित चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने के आरोप लगे थे। तीन महीने पहले शिकायत करने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग ने अप्रशिक्षित चिकित्सक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। यदि समय रहते कार्रवाई हो जाती तो उनकी मां ममता की मौत नहीं होती।
- मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहा है क्लीनिक
बोढा गांव में क्लीनिक के बाहर मेडिकल स्टोर का बोर्ड लगा था और इसकी आड़ में अप्रशिक्षित चिकित्सक अमरेश मरीजों को दवाई देता था। क्लीनिक व मेडिकल स्टोर चलाने का कोई भी पंजीकरण नहीं था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जब मामले की जांच की गई तो वह कोई भी अभिलेख नहीं दिखा सका। अभिलेख नहीं मिलने पर क्लीनिक को सील कर दिया गया।
- बिचपड़ी गांव में भी हुई थी महिला की मौत
बागपत। बिचपड़ी गांव में बीएमएस चिकित्सकों ने गांव की ही महिला सुनीता का ऑपरेशन किया था, लेकिन लापरवाही के कारण शरीर में इंफेक्शन फैल गया था। महिला की हालत खराब होने पर मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई थी। परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी और अभी मामले की जांच चल रही है।
वर्जन
- बोढ़ा गांव में क्लीनिक के बाहर मेडिकल स्टोर का बोर्ड लगा हुआ था और अप्रशिक्षित चिकित्सक अमरेश के पास कोई रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं मिला। क्लीनिक को सील कर दिया गया है। - डॉ. कुमार अभिषेक, सीएचसी अधीक्षक, छपरौली