-सूजरा गांव में रेलवे हॉल्ट के पास का मामला, पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की
फोटो 9 ए और बी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सूजरा गांव में बुधवार सुबह रेलवे लाइन पार करते समय एक युवती की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। 23 वर्षीय सना खेत में घास लेने जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूजरा गांव निवासी तुषार ने बताया कि बुधवार सुबह वह अपने परिवार के साथ खेत में काम कर रहा था। उसकी पत्नी सना अपनी दादी रामभतेरी के साथ खेत में घास लेने गई थी। घर पर घास की पहली गठरी डालने के बाद सना दूसरी गठरी लेने के लिए दोबारा रेलवे लाइन पार कर खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान बड़ौत की तरफ से आ रही एक ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी दी। जांच अधिकारी बृजेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। तुषार ने बताया कि सना ने करीब दो साल पहले उससे प्रेम विवाह किया था। उनके परिवार में एक साल का एक छोटा बेटा भी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच अधिकारी बृजेश कुमार ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।