बागपत। जिले में बुधवार रात आंधी ने खूब कहर बरपाया। आंधी से करीब 430 पेड़ उखड़ गए, 510 खंभे भी टूट गए जो मार्गों पर गिर गए। डौला गांव के पास बाइक पर पेड़ गिरने से बागपत के काजीपुरा की महिला हुसन बानो (40) की मौत हो गई तो खुब्बीपुर निवाड़ा में सात माह की बच्ची रानी पर कूलर गिरने से उसकी मौत हो गई। छत, टीन व पेड़ गिरने से विद्यार्थियों समेत 38 घायल हुए और कई मवेशी भी मर गए।
यहां बुधवार देर शाम को आंधी शुरू हो गई और उसके बाद ओलावृष्टि व बारिश हुई। आंधी ने करीब एक घंटे तक चली। इसके बाद भी हादसे होते रहे। बागपत के काजीपुरा मोहल्ला निवासी इरशाद बुधवार को बाइक पर अपनी पत्नी हुसन बानो के साथ मेरठ के नेकपुर अपनी ससुराल में गया था। वहां से आते हुए मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर डौला गांव के पास आंधी में बाइक पर पेड़ उखड़कर गिर गया। इससे हुसन बानो की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक गिरने से इरशाद के मुंह पर काफी चोट आई।
बड़ौत की खत्ते वाली गली निवासी सलमान अपनी पत्नी सलमा और दस महीने की बेटी रानी के साथ खुब्बीपुर निवाड़ा में किराये पर रहकर मजदूरी करता है। आंधी से कूलर उसकी बेटी रानी के ऊपर गिर गया, जिसे अस्पताल में लेकर गए तो उसे मृत घोषित कर दिया गया। बच्ची की मौत के बाद परिवार वापस अपने घर बड़ौत में चला गया।
बिहार के पूर्णिया, मंगेर समेत अन्य जिलों से सौ विद्यार्थी बालैनी के धर्म सिंह इंस्टीट्यूट में बीएड की परीक्षा देने के लिए आए हुए थे। वह परशुराम खेड़ा मंदिर में यात्री शेड में रुके हुए थे। आंधी आने पर टीन के शेड उखड़कर गिर गए। इससे अविनाश, प्रिंस, चंद्र कुमार, सुनील कुमार, नीरज, आशीष कुमार, प्राणे, आंशु, दूसरा प्रिंस, अविनाश समेत पंद्रह घायल हो गए। वहां टीन गिरते ही भगदड़ मच गई तो उसमें भी कई विद्यार्थी मामूली रूप से घायल हुए।
इनमें से अविनाश व प्रिंस को गंभीर हालत में देवभूमि नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। कलक्ट्रेट से बुधवार शाम को बाइक पर विजय खोखर अपने घर छपरौली जा रहे थे। सिनौली में सड़क पर गिरे पेड़ से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे उनके पैर की हड्डी टूट गई।
निवाड़ा में जब्बार के मकान की छत गिर गई, जिससे उसकी पत्नी शबाना, बेटी रुखसार, शबनम व जैनब घायल हो गई। इन सभी को अस्पताल में उपचार कराया गया और अब पड़ोसी के घर में रहना पड़ रहा है। जनता इंटर कॉलेज सूजरा के चार कक्ष व चाहरदीवारी गिर गई, स्कूल बंद होने के कारण कोई हताहत नहीं हो हुसा। चौधरी चरण सिंह राष्ट्रीय पशु स्वास्थ्य एवं अनुसंधान केंद्र का मुख्य बोर्ड टूट गया तो अंदर भी काफी पेड़ उखड़ गए।
राष्ट्र वंदना चौक पर श्याम होटल के शीशे आंधी के कारण टूट गए तो वहां एक गेस्ट हाउस के शीशे भी टूट गए। पक्का घाट पर दीवारों में दरार आ गई, मगर वह गिरने से बच गई। डौला में मोबाइल टावर पर बिजली गिर गई, इससे कई गांवों में मोबाइलों के नेटवर्क गायब हो गए और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
n पचास साल पुराना पेड़ उखड़कर गिरा, दबने से मवेशी घायल : रटौल में रटौल-ढिकौली, खासपुर-चमरावल मार्ग, पांची मार्ग पर पेड़ टूटकर गिर गए तो खासपुर मार्ग पर खंभा टूटकर गिरने से मार्ग अवरूद्ध हो गया। सिंगोली तगा गांव में पचास वर्ष पुराना नीम का पेड़ गिरने से धवल सिंह की पांच भैंस व दो गोवंश दबकर घायल हो गए। वीरेंद्र, राजकुमार के घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन भी गिर गई तो ढिकौली व पांची में दस घरों पर बिजली गिरने से विद्युत उपकरण फुंक गए।