बागपत। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे अभी शुरू नहीं हुआ और उस पर उपकरण चोरी होने लगे हैं। बुधवार रात चोरों ने एक्सप्रेसवे पर अग्रवाल मंडी टटीरी व काठा के बीच लगे खंभों से एक किलोमीटर लंबा तार और उपकरण चोरी कर लिए। इनकी कीमत 15 लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है और इससे एनएचएआई को बड़ा नुकसान हो गया। एनएचएआई के अफसरों ने पुलिस से शिकायत की।
बागपत में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से सहारनपुर तक के दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के हिस्से के निर्माण का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है। इसमें जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे, लाइटें लगवा दी गईं हैं और फिनिशिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। एनएचएआई के अफसर मार्च माह के आखिर में एक्सप्रेसवे का शुरू कराने की तैयारी में जुटे हैं। एक्सप्रेसवे पर लाइटों और सीसीटीवी कैमरों के लिए लगाए गए खंभों के बीच में केबल भी लगाया गया है।
बुधवार रात चोरों के गिरोह ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर काठा गांव के पास लगे स्थित टोल प्लाजा के पास एक किलोमीटर क्षेत्र में लगे खंभों का केबल चोरी कर लिया। इसकी सूचना मिलने पर बृहस्पतिवार को एनएचएआई के अफसरों ने वहां पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया और अन्य खंभों की स्थिति देखी। खंभों से तारों के साथ अन्य कीमती उपकरण भी चोरी मिले, इनमें लाइटों के पत्ते व अन्य शामिल थे। एक्सप्रेसवे शुरू होने से पहले केबल समेत अन्य उपकरण चोरी होने से निर्माण करने वाली कंपनी राजश्यामा कंस्ट्रक्शन और एनएचएआई के अधिकारियों ने रात में चेकिंग करने के लिए टीमों को लगाया।