बड़ौत एसएमआई गोदाम पर कर्मचारियों को निर्देशित करते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
बड़ौत। जिलाधिकारी हृदय शंकर तिवारी ने एसएमआई गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने एसएमआई को कहा गोदाम में कोई भी बाहरी व्यक्ति अंदर न आए और मात्र राशन डीलर ही गोदाम के अंदर आए। डीएम ने बांट माप तौल अधिकारियों को गुराना रोड पर स्थित धर्मकांटा के जांच के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी हृदय शंकर तिवारी शनिवार को एसएमआई गोदाम पहुंचे और उसका निरीक्षण किया। उन्होंने एसएमआई गोदाम इंचार्ज प्रमोद को कहा कोई बाहरी व्यक्ति राशन डीलर के अलावा गोदाम के अंदर न आए, यदि कोई आता है तो उसकी रिपोर्ट एसडीएम को दें। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। गुराना रोड स्थित धर्मकांटा की भी शिकायत वहां राशन डीलरों ने की। उन्होने बांट माप तौला निरीक्षक को जांच के आदेश दिए।
कोताना के राशन डीलर प्रवीण जैन ने भी लुहारी के एक व्यक्ति के खिलाफ तहरीर देकर कहा शुक्रवार को जब वह गोदाम से माल उठाकर ले जा रहा था तो उसका मोबाइल और रुपये छीन लिया और उसके साथ मारपीट की और उसका माल पकड़वा दिया। डीएम ने एसडीएम दीपाली कौशिक को आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और जो माल उसका शुक्रवार को गोदाम में जमा कराया था उसको पुन: राशन दिलाने के निर्देश दिए। डीएम ने एसएमआई को निर्देशित किया कि कोटेदार जो समान उठाते हैं उसे एक बार ही दिया जाए चाहे वे दो गाड़ी में क्यों न ले जाए।
जिलाधिकारी ने बिनौली में एसएमआई गोदाम का निरीक्षण किया और वहां मौजूद एसएमआई मधु शर्मा को निर्देश दिए राशन माफिया से डर कर कार्य न करें। इस दौरान जब उन्होंने सूचना पट देखा तो उसमें बामनौली की एक दुकान निरस्त थी। इस पर उन्होंने बीडीओ बिनौली हनुमान प्रसाद त्रिपाठी को हड़काया और अपने कार्यालय में तलब करने के निर्देश दिए।