आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन लोग अपनी ही जान की कीमत समझने के लिए तैयार नहीं है। पुलिस के सामने ही सड़कों पर ऐसे नजारे आम देखे जा सकते हैं।
एक या दो दिन के लिए पुलिस जागती है, लेकिन असर कुछ नहीं पड़ता। लोग खुद भी संभलने के लिए तैयार नहीं है। शुक्रवार को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर ट्रिपल राइडिंग करते हुए लोग दिखे। बाइक पर परिवार की महिलाओं और बच्चों को ले जाते हुए खतरे भरा सफर कर रहे हैं।
मेरठ रोड के अलावा शहर के यमुना रोड और मुख्य बाजार में भी ट्रिपल राइडिंग करते रहे। शहर के राष्ट्र वंदना चौक पर पुलिस के सामने ही ऐसे वाहन गुजरें, जिन पर तीन सवारियां बैठी थी, लेकिन ट्रैफिक पुलिस सिर्फ नजारे देखती रही। खेकड़ा, बड़ौत, अमीनगर सराय, छपरौली समेत जिले में रोज इसी तरह लोग जान का जोखिम लेकर ट्रिपल राइडिंग करते हैं।
हाथ में लेकर चलते हैं हेलमेट
बागपत। बगैर हेलमेट के कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन फिर भी दुपहिया वाहन चालक समझने के लिए तैयार नहीं है। शुक्रवार को कैमरे में जो लोग कैद हुए उनमें किसी ने हेलमेट नहीं लगाया । इनके पास हेलमेट था, उन्होंने उसे हाथ में लेकर सफर किया।
क्या कहती है पुलिस
एसपी जयप्रकाश का कहना है कि समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। इस तरह के अभियान में लोगों के सहयोग की आवश्यकता भी पड़ती है। इसके बाद भी अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोग सुरक्षित रहें।