रटौल (बागपत)। धूप खिली तो क्षेत्र में बुधवार को सरसों की कटाई और आलू की खोदाई शुरू हो गई है। बुधवार को किसानों फसल की कटाई की। आसमान में बार-बार बादल छाने से किसानों की चिंता बढ़ रही है। किसान जल्द से जल्द फसल की खोदाई कराने में लगे हैं।
रटौल, लहचौड़ा, गौना, सिंगोली, सरफाबाद, विनयपुर गांव में काफी मात्रा में आलू की पैदावार की जाती है। पिछले सप्ताह बारिश के कारण किसानों की काफी फसल खराब हो गई थी। पिछले दो दिन से मौसम साफ रहने पर किसानों ने आलू की खोदाई शुरु कर दी है। बुधवार को सरसों की कटाई भी शुरु हो गई है।
- किसानों को सता रहा बारिश डर
किसानों को फिर से बारिश होने का डर सता रहा है। किसानों का कहना है कि बारिश होने पर पहले की आलू और सरसों की फसल में काफी नुकसान हो चुका है, अगर फिर से बारिश होती है तो फसल खराब हो जाएगी। मौसम साफ होते ही सरसों की कटाई और आलू की खोदाई तेज कर दी है।
- बारिश के कारण आलू की खोदाई बंद हो गयी थी। दो दिन से तेज धूप खिलने से मजदूरों को लगाकर आलू की खोदाई कराई जा रही है। -ओमदत्त यादव, गौना
- बारिश के कारण पहले ही सरसों और आलू में काफी नुकसान हो चुका है। अब जल्दी से जल्दी फसल को कटवाया जा रहा है। - चौधरी मुजीब, रटौल
- दिन में बार-बार बादल छाने से बारिश होने का डर सता रहा है। मौसम खराब होने से पहले फसल कटवाई जा रही है। - विनोद शर्मा,लहचौड़ा