बागपत। जिले में बृहस्पतिवार से 19 केंद्रों पर ई-पॉप मशीन से गेहूं की खरीद की जाएगी। इस दौरान केंद्रों पर कोरोना गाइड लाइन का पालन कराया जाएगा। प्रशासन ने केंद्र संचालकों को पल्स ऑक्सीमीटर, इंफ्रारेड थर्मामीटर और सैनिटाइजर, साबुन की व्यवस्था करने, किसानों को मास्क लगाने तथा सोशल डिस्टेंस का पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
शासन ने इस बार गेहूं खरीद के लिए नई व्यवस्था शुरू की है। इस बार पंजीकृत किसान से ई-पॉप मशीन से गेहूं की खरीद की जाएगी। इसके अतिरिक्त इस बार क्रय केंद्रों का कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है। इसलिए केंद्र प्रभारी गेहूं खरीदने से इनकार नहीं कर सकेंगे। किसानों के लिए टोकन व्यवस्था शुरू की गई है। उनके मोबाइल पर मेसेज आएगा। गेहूं खरीद का भुगतान किसानों के बैंक खाते में भेजने की सुविधा भी रहेगी।
इन केंद्रों पर होगी खरीद
जिले में नवीन मंडी खेकड़ा, ब्लॉक गोदाम अमीनगर सराय, ब्लॉक गोदाम बिनौली, ब्लॉक गोदाम छपरौली, नवीन मंडी बड़ौत, साधन सहकारी समिति मुकारी, साधन सहकारी समिति बालैनी, साधन सहकारी समिति अग्रवाल मंडी टटीरी, एफएसएस सरूरपुर कलां, साधन सहकारी समिति लहचौड़ा, साधन सहकारी समिति फिरोजपुर, साधन सहकारी समिति सिंगौली तगा, साधन सहकारी समिति रटौली, साधन सहकारी समिति बड़ागांव, साधन सहकारी समिति दाहा, साधन सहकारी समिति नांगल, साधन सहकारी समिति खट्टा प्रह्लादपुर।