बड़ौत। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद अब किसान गेहूं बेचने के लिए क्रय केंद्रों की ओर रुख करने लगे हैं। पंचायत चुनाव के परिणाम की घोषणा के बाद केंद्रों पर किसानों की आमद बढ़ी है। इसके चलते 14 दिन में सात हजार कुंतल गेहूं की खरीद हुई है। अब तक कुल 10 हजार कुंतल गेहूं की खरीद हो चुकी है।
कोविड-19 के कारण इस बार शासन ने गेहूं की खरीद का कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं किया है। गेहूं की खरीद के लिए एक अप्रैल से 30 जून तक की तिथि निर्धारित है। बड़ौत में अमीनगर सराय रोड स्थित सरकारी गेहूं क्रय केंद्र पर पंचायती चुनाव से पहले मात्र तीन हजार कुंतल गेहूं की खरीद हुई थी। पंचायती चुनाव के मात्र 14 दिन बाद ही सात हजार कुंतल गेहूं की खरीद कर ली गई। अब तक कुल दस हजार गेहूं खरीदा जा चुुका है। एसएमआई विष्णु शंकर ने बताया कि अब किसान नियमित रूप से आ रहे हैं। इस बार लक्ष्य निर्धारित नहीं है।