खबर- 4
बड़ौत के सिनौली में सोमवार को ग्रामीणों ने ऑपरेटर द्वारा पेयजल टंकी का पानी रोके जाने के विरोध में हंगामा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बड़ौत-छपरौली मार्ग को अवरुद्ध करने का प्रयास किया।
वहीं मामला बढ़ता देख ग्राम प्रधान व ग्राम सचिव सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद प्रधान और ग्राम सचिव ने पेयजल आपूर्ति सूचारू कराकर मामले को शांत कराया।
खबर- 5
बागपत में घर में घुसकर किशोरी से छेड़छाड़ करने का विरोध करने पर बड़ी बहन के साथ की मारपीट कर दी गई। इस दौरान आरोपियों ने युवती की बड़ी बहन का हाथ भी तोड़ दिया। वहीं आरोपियों ने धमकी दी कि अगर समझौता नहीं किया तो गांव में नहीं रहने देंगे।
उधर, पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खबर - 6
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अशोभनीय चित्र ट्वीट करने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता व भाजपा नेता भड़क गए। उन्होंने कोतवाली में पहुंचकर जमकर हंगामा किया। उनकी मांग है कि आरोपी को गिरफ्तार कर जल्द से जल्द से कार्रवाई की जाए।
बताया गया कि पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
खबर- 7
बागपत की थाना बिनौली पुलिस व गौतमबुद्ध नगर नोएडा एसटीएफ की टीम ने मुठभेड़ में फाती छैमार गैंग के 50 हजार के इनामी बदमाश को दबोच लिया है। पुलिस ने बदमाश के पास से एक तमंचा, खोखा और कारतूस बरामद किया है।
गिरफ्तार बदमाश इमरान उर्फ इसरान पुत्र हुकमा उर्फ हुकमुदीन निवासी कैराना जिला शामली है। फिलहाल वह झुग्गी झोपड़ी नारायण विहार थाना मानसरोवर, जयपुर राजस्थान में रह रहा था। पुलिस ने एक सूचना मिलने पर एसओ बिनौली सलीम अहमद और एसटीएफ नोएडा प्रभारी सचिन कुमार की टीम ने रविवार की रात बड़ौत-मेरठ मार्ग पर शेखपुरा तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है।
खबर- 8
बागपत में फखरपुर गांव से बृहस्पतिवार की शाम को लापता हुए सात साल के शौर्य की जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये की नगद राशि दी जाएगी। वहीं सूचना देने वाले का नाम भी गोपनीय रखा जाएगा। एसपी नीरज कुमार जादौन ने यह घोषणा की है।
बता दें कि लापता शौर्य का पांच दिन बाद भी सुराग नहीं लग पाया है। खेकड़ा, चांदीनगर, बागपत, बड़ौत, सिंघावली अहीर और बालैनी सहित छह थानों की पुलिस, डॉग स्क्वाड की टीम और पीएसी के जवान बच्चे की दिन-रात जंगल में तलाश कर रहे हैं। लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल पाई। सवाल है कि पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस खाली हाथ है। वहीं शौर्य के न मिलने के कारण मां मोनिका और पिता सोहनबीर व दादा जगबीर सिंह समेत सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।