संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय। पिलाना-बंथला मार्ग पर मंगलवार दोपहर सिखेड़ा गांव के पास ट्रैक्टर की टक्कर लगने से बाइक सवार वेल्डिंग मिस्त्री मुनेश पांचाल (55) निवासी पिलाना की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गया।
पिलाना गांव निवासी वेल्डिंग मिस्त्री मुनेश पांचाल मंगलवार दोपहर दो बजे बाइक से ढिकौली गांव जा रहे थे। जैसे ही सिखेड़ा गांव के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक अपना ट्रैक्टर लेकर भाग गया। वहां से गुजर रहे राहगीर घायल को उठाकर पिलाना सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। बताया कि मंगलवार को मुनेश पांचाल की पोती का जन्मदिन था। इसको लेकर घर में तैयारी चल रही थीं। हादसे का पता चलने पर पुलिसकर्मियों ने ट्रैक्टर चालक का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। जांच अधिकारी मनोज कुमार चहल का कहना है कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।