बागपत के खेकड़ा क्षेत्र के बड़ागांव स्थित किनौनी शुगर मिल के तौल केंद्र पर घटतौली का आरोप लगाते हुए आक्रोशित गन्ना किसानों ने तौल लिपिक को बंधक बना लिया और प्रदर्शन किया।
क्षेत्र के बड़ागांव के समीप जंगल में स्थित किनौनी शुगर मिल के ए गन्ना तौल केंद्र पर मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे जब किसान भैंसा बोगी एवं ट्रैक्टर ट्रालियों में गन्ना भरकर पहुंचे।
किसानों को कांटे में घटतौली का आभास होने पर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। कांटे में एक क्विंटल पर 10 किलोग्राम की घटतौली पाए जाने के कारण किसानों ने तौल लिपिक कुलदीप को बंधक बना लिया। उन्होंने तौल लिपिक को खरी खोटी सुनाते दो घंटे तक हंगामा किया। बाद में कांटा ठीक होने के बाद तौल कार्य शुरू हो सका। इस दौरान योगेंद्र, मुकेश, देवेंद्र, चीनू, पिंटू, संजीव, अनिल, दिनेश, रजनीश, नीरज आदि मौजूद रहे।
तौल लिपिक पर हमला
नंगला बढ़ी गांव में मोदीनगर शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र है। तौल लिपिक सुनील ने पुलिस को बताया सोमवार को गांव का ही एक युवक वहां पहुंचा और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध पर उसकी पिटाई की। आरोपी ने गन्ना तौलने के कांटे में भी तोड़फोड़ की। रिपोर्ट दर्ज हो गई है।
जबरन तौलेंगे अस्वीकृत प्रजाति
दोघट। एक बैठक में किसानों ने कहा कि वे जबरन अस्वीकृत प्रजाति का गन्ना केंद्र पर डालेंगे। इसमें राजपाल शास्त्री, बुध प्रकाश चेयरमैन, राजेंद्र सिंह, रामपाल सिंह डायरेक्टर, राजेंद्र सिंह मौजूद थे।