खेकड़ा। साप्ताहिक बंदी के बाद भी नगर के बाजार में व्यापारियों ने दुकानें खोल दी। दुकानें खुलने पर बाजार में ग्राहकों की भीड़ लग गई। इसके बाद पुलिस ने बाजार में पहुंच कर संबंधित दुकानदारों को कार्रवाई की चेतावनी देकर दुकानों को बंद कराया।।
बुधवार को नगर के बाजार का साप्ताहिक बंदी का दिन है। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते बंदी के दिन डीएम ने बाजार को बंद रखने के कड़े निर्देश जारी किए हुए हैं। इसके बाद भी बुधवार की सुबह आठ बजे नगर के बाजार में व्यापारियों ने दुकानें खोल दी। दुकानें खुलते ही बाजार में सामान लेने के लिए ग्राहकों की भीड़ लग गई। पता लगने पर पुलिस बाजार में पहुंची। इससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कुछ व्यापारी अपनी दुकानों के शटर गिराकर इधर उधर हो गए। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने दुकानदारों को कार्रवाई की चेतावनी देकर दुकानों को बंद कराया। इसके बाद पुलिस ने ग्राहकों को भी लौटा दिया।