बागपत। मौसम परिवर्तन की वजह से विभिन्न प्रकार की बीमारियां भी पांव पसारने लगी है। रोजाना सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में 1200 मरीज पहुंच रहे है। इसके अलावा गंभीर बीमारी के मरीज दिल्ली, मेरठ, गाजियाबाद की ओर भी रुख कर रहे है।
बदलते मौसम का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। सर्द हवा से कभी ठंड का असर तेज हो जा रहा है, तो कहीं धूप निकलने से दिन मेें गर्मी बढ़ रही है। सर्दी और गर्मी के इस फेर में लोग मौसमी बीमारी की जद में आ रहे है। आलम यह है कि प्रतिदिन जिला अस्पताल के अलावा जनपद की सीएचसी व पीएचसी पर 1200 मरीज पहुंच रहे है। इनमेें कोल्ड डायरिया, पीलिया, हृदय रोग और सांस संबंधी बीमारी से जूझ रहे मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।
हृदय रोगियों पर पड़ रहा ज्यादा प्रभाव
बागपत। मौसम का सबसे ज्यादा प्रभाव बुजुर्गों तथा हृदय रोगियों पर पड़ रहा है। सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, हांफना आदि की शिकायतों को लेकर मरीज चिकित्सकों के पास पहुंच रहे है।
मौसम में निरंतर हो रहे उतार-चढ़ाव से शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है। इससे सर्दी, जुकाम, खांसी, डायरिया, पीलिया, टाइफाइड के साथ ही हृदय और सांस के रोगी बढ़ने लगते है। उन्होंने मरीजों को सावधानी बरतने की हिदायत दी। - डॉ. आरके टंडन, सीएमओ।