बड़ौत। यहां पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से रेलवे अंडरपास में जल भराव होने से आवागमन बाधित हो गया है। जलभराव के बीच वाहनों के फंसने से चालकों की खूब फजीहत हो रही है। समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में रोष व्याप्त है।
रेलवे विभाग के अफसरों की लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बारिश होते ही अंडरपास में जलभराव हो जाता हैं। दो दिनों से बारिश के चलते रमाला शुगर मिल के पास बने अंडरपास, बड़का, बावली रेलवे अंडरपास समेत अन्य अंडरपास में जलभराव की स्थिति बन गई। इससे वाहन चालकों को परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार को बावली अंडरपास में जलभराव के बीच कार, बाइक समेत कई वाहन फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने में चालकों की बुरी फजीहत हुई। विनोद, सचिन, राहुल, दिनेश, अक्षय समेत अन्य लोगों का कहना था कि शिकायत के बावजूद भी रेलवे अधिकारी जलभराव का स्थाई समाधान नहीं कर पा रहे हैं।
बिजरौल मार्ग फाटक के पास कीचड़ व जलभराव में फंसे बाइक सवार
बरसात के चलते बिजरौल मार्ग रेलवे लाइन के बराबर में कच्चे रास्ते पर जलभराव व कीचड़ हो गया हैं। जहां से पैदल जाने वाले व वाहन चालकों का आवागमन ठप हो गया। कई बाइक सवारों ने बाइक निकालने का प्रयास किया तो बीच में फंस गए। लोगों ने किसी तरह से बाइकों से कीचड़ से बाहर निकलवाया।
वर्जन -
जलभराव से बचाव के लिए कई अंडरपास पर टिनशेड डला हुआ है। जितने बचे हुए हैं, वहां पर जलभराव की समस्या बन जाती है। समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। - सुरेश कुमार, स्टेशन अधीक्षक बड़ौत