रजबहे की सफाई में बरती जा रही अनियमितता
किसान बोले, सफाई कार्य की होनी चाहिए जांच
बड़ौत। बावली-लौहड्डा-बड़ावद-बिजवाड़ा रजबहे की सफाई में खानापूर्ति की जा रही है। इससे किसानों में रोष पनपता जा रहा है। किसानों का कहना है कि तीन साल से टेल तक पानी नहीं पहुंचा है। इस कारण किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सफाई कार्य की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
18 किलोमीटर लंबा रजबहा
यह रजबहा तकरीबन 18 किलोमीटर लंबा है। किसानों का आरोप है कि हर वर्ष इस रजबहे की सफाई मेें खानापूर्ति की जाती है। कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं हो रहा है।
ये बोले किसान
किसान सहदेव व देवराज का कहना है कि इस रजबहे से बावली, बड़ौत, लौहड्डा, गुराना, वाजिदपुर, बड़ावद, बिजवाड़ा आदि गांव पड़ते है। अधिकांश किसानों की खेती इस रजबहे में आने वाले पानी पर ही निर्भर है। तीन सालों से इसकी न तो सही ढंग से सफाई की जा रही है और न ही टेल तक पानी पहुंचा है।
किसान सुधीर व मुनीश का कहना है कि सरकार हर वर्ष पानी की तरह रजबहों की सफाई के लिए पैसा खर्च करती है, लेकिन इसके बावजूद संबंधित अधिकारी व ठेकेदार सफाई कार्यों में अनियमितता बरत लाखों रुपये डकार जाते है। सफाई कार्यों की जांच होनी चाहिए।
पारदर्शिता के साथ रजबहे की सफाई कराई जा रही है। फिलहाल इस रजबहे की सफाई लगभग पूर्ण हो चुकी है, यदि इसके बावजूद कोई ठेकेदार अनियमितता कर रहा है तो उसके खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग।