- लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए मास्क और स्वच्छता के लिए किया जा रहा जागरुक
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग व्यवस्था बेहतर बनाने का प्रयास कर रहा है। कोरोना संक्रमितों को आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला अस्पताल और सभी सीएचसी पर कोविड रिस्पांस वार्ड तैयार कराए जाएंगे। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को मास्क का प्रयोग करने और स्वच्छता के लिए जागरूक किया जा रहा है।
कोरोना संक्रमण से निपटने और संक्रमितों को बेहतर इलाज देने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुटा है। आपातकालीन परिस्थितियों में संक्रमितों को इलाज देने के लिए जिला अस्पताल और सीएचसी में कोविड रिस्पांस वार्ड तैयार कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला अस्पताल में 40 और सभी सीएचसी पर दस-दस बेड का वार्ड बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। मुनादी कर लोगों को मास्क का प्रयोग करने और स्वच्छता के लिए जागरूक किया जा रहा है।
सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि शासन स्तर से जिला अस्पताल, सीएचसी पर उपलब्ध संसाधनों की रिपोर्ट मांगी गई थी। विभाग की ओर से जिला अस्पताल के अलावा सभी सीएचसी पर कोरोना के उपचार के लिए कोविड रिस्पांस वार्ड बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिला अस्पताल में 40 और सीएचसी पर दस-दस बेड का वार्ड तैयार कराया जाएगा। सीएचसी पर भूमि की कमी अथवा अधिकता होने पर वार्ड में बेड की संख्या घटाई या बढ़ाई भी जा सकती है।