बागपत। डीएम हृदय शंकर तिवारी के निर्देश पर श्रम विभाग ने स्कूल जाने की उम्र में बालकों से मजदूरी कराने वालों की धरपकड़ शुरू कर दी है। मंगलवार को श्रम विभाग के अधिकारियों ने बागपत में मजदूरी करते चार बच्चों को मुक्त कराया। बाल कल्याण समिति ने बच्चों के अभिभावकों को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी शशि वार्ष्णेय ने बताया कि बाल मजदूरी की धरपकड़ के लिए श्रम विभाग लगातार अभियान चला रहा है। मंगलवार को श्रम प्रवर्तन अधिकारी रूपाली और बाल संरक्षण अधिकारी दीपांजलि ने ढाबे एवं होटल पर चाउमीन के ठेले पर मजदूरी करते हुए चार बच्चों को मुक्त कराया। उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया। बच्चों में खुब्बीपुर निवाड़ा निवासी शिवकुमार (12) पुत्र धर्मवीर सिंह, बागपत के काजीपुरा मोहल्ला निवासी सुहैल (12 ) पुत्र रहीस, माता कॉलोनी का मोमीन पुत्र पप्पू उर्फ मेहरदीन और टटीरी का निशांत पुत्र ब्रजपाल वर्मा शामिल हैं। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजीव यादव एवं सदस्य डॉक्टर कुलदीप त्यागी और मालती शर्मा ने बच्चों के माता-पिता को बुलवाया। समिति ने बच्चों के माता-पिता से लिखित में उनसे बाल मजदूरी न कराने और स्कूल भेजने का शपथ पत्र लिया और बच्चों को उनके सुपुर्द किया।