तीनों विधानसभा सीटों के 15 बूथों की वीवीपैट मशीनों की पर्चियों और ईवीएम के परिणाम का होगा मिलान
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। विधानसभा सीटों का परिणाम घोषित करने से पहले लॉटरी के माध्यम से पांच-पांच बूथों का चयन करके वीवीपैट मशीनों की पर्चियों और ईवीएम मशीन के परिणाम का मिलान किया जाएगा। यदि दोनों ठीक मिलते है तो उसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। लॉटरी निकालने के समय प्रत्याशियों के एजेंट वहां मौजूद रहेंगे, ताकि किसी तरह के गड़बड़ी के आरोप नहीं लग सके।
विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना खेकड़ा के लख्मीचंद पटवारी कॉलेज में होगी, जिसकी तैयारी में प्रशासन लगा हुआ है। डीएम राजकमल यादव ने बताया कि बागपत, बड़ौत व छपरौली विधानसभा सीटों का चुनाव परिणाम घोषित करने से पहले उनके पांच-पांच बूथों का लॉटरी से चयन किया जाएगा। इसके बाद उन बूथों की वीवीपैट मशीनों की पर्चियों और ईवीएम के परिणाम का मिलान किया जाएगा, ताकि कोई भी बाद में मशीनों में गड़बड़ी का आरोप न लगा सके। डीएम ने बताया कि दोनों परिणाम एक समान मिलेेंगे, तभी चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। यदि मिलान के दौरान दोनों में अंतर मिलता है तो उस विधानसभा सीट का परिणाम रोक दिया जाएगा।