खेकड़ा। ग्राम मवी कलां के समीप दिल्ली - सहारनपुर हाईवे पर शुरू हुई दो दिवसीय विशाल रागिनी कंपीटीशन में कलाकारों ने विभिन्न पुराने किस्सों पर आधारित रागिनी और रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। एसडीएम ने उद्घाटन कर कहा लोक गीतों में हमारी भारतीय संस्कृति छिपी हुई है। जो हमें उनका अहसास कराती रहती है।
दिल्ली - सहारनपुर हाईवे पर स्थित ग्राम मवी कलां के समीप बुधवार की शाम दो दिवसीय विशाल रागिनी कंपीटीशन सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह के सम्मान समारोह में शुरू हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य सांसद द्वारा क्षेत्र के लोगों को बढ़ा मुआवजा सांसद द्वारा दिलवाया जाना है। रागिनी प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी आदित्य प्रजापति ने दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया। सर्वप्रथम लोकप्रिय एवं गायक डांसर सपना चौधरी ने देहाती नृत्य के बीच रागिनी प्रस्तुत कर समा बांध दिया। लोग उनके लोक गीतों पर थिरकने पर मजबूर हो गए।
प्रसिद्ध रागिनी गायक राकेश सौरण, निशा दांगडा, नरेंद्र डांगी, मुनीगर हरियाणा, सुरेश हडौली, बिल्लू खेड़ा हटाना, उपेंद्र ढिकाना आदि कलाकारों ने देहाती किस्सों पर आधारित रागिनी और देश भक्ति गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर खूब वाही वाही लूटी। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख खेकड़ा चौधरी जितेंद्र धामा पहलवान एवं चौधरी प्रवेंद्र धामा ने किया।
इस दौरान सीओ श्वेताभ पांडेय और राजबीर सिंह, कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार, दिनेश कुमार, अजय चौहान, आयोजक समिति के अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र सिंह प्रमुख, वीपी सिंह, देवेंद्र प्रमुख बड़ागांव, कृष्णपाल चेयरमैन, जयबीर सिंह, शक्ति सिंह सैनी, देवेंद्र प्रधान मवी कलां, धर्मपाल सिंह, रविंद्र सिंह आदि श्रोता मौजूद रहे।
रागिनी प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार की सुबह होगा। ब्लाक प्रमुख देवेंद्र धामा ने बताया कि दूसरे दिन बृहस्पतिवार को शाम को सात बजे रागिनी का पहला दौर सपना चौधरी की रागिनी से शुरू होगी।