- 200 से अधिक ग्राम पंचायतों में लगवाई गई थी दस हजार से अधिक स्ट्रीट लाइटें, नहीं लिए गए कनेक्शन
- 35 लाख रुपये से अधिक बजट खर्च किया गया था इन स्ट्रीट लाइटों को लगवाने में
- 08 लाख रुपये का नुकसान हो रहा हर माह स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन नहीं होने से ऊर्जा निगम को
निशांत भारद्वाज
बागपत। गांवों को रोशन करने के लिए करीब 35 लाख रुपये खर्च कर स्ट्रीट लाइटें लगवा दी गई, लेकिन बिजली कनेक्शन आज तक नहीं लिए गए। इससे गांव को चोरी की बिजली से रोशन किया जा रहा है। यह कोई एक दो नहीं, बल्कि 200 से अधिक ग्राम पंचायतों में हो रहा है। इससे हर महीने ऊर्जा निगम को करीब आठ लाख रुपये से अधिक का चूना लगाया जा रहा है।
गांवों में शहरों की तर्ज पर रोशन करने के लिए 15वें वित्त आयोग के बजट से स्ट्रीट लाइटें लगवाने के आदेश जारी किए गए थे। जिले की 244 ग्राम पंचायतों में से करीब 200 में पचास और इससे अधिक स्ट्रीट लाइटें लगवाई गईं। कुछ ग्राम पंचायतों में पहले से ही एलईडी लाइटें लगी हुई थी तो कुछ गांवों में अभी लाइटें लगनी हैं। जिले की 200 ग्राम पंचायतों में 10 हजार से अधिक स्ट्रीट लाइटें लगवाई गई, जिन पर करीब 35 लाख रुपये से अधिक बजट खर्च किया गया। इन स्ट्रीट लाइटों को लगवाए हुए पांच से छह महीने बीत चुके हैं, लेकिन बिजली कनेक्शन नहीं लिए गए। चोरी की बिजली से स्ट्रीट लाइटें जलाई जा रही हैं। इससे हर महीने ऊर्जा निगम को आठ लाख रुपये से अधिक का चूना लगाया जा रहा हैं। (संवाद)
कनेक्शन देने में ऊर्जा निगम के अफसर भी लापरवाह
गांवों में स्ट्रीट लाइटें लगने के बाद अभी तक किसी भी ग्राम पंचायत में कनेक्शन नहीं लगा है। इसमें ऊर्जा निगम के अधिकारियों की भी लापरवाही उजागर हो रही हैं। 11 गांव अभी तक ऐसे सामने आए हैं, जिनके प्रधान ने कनेक्शन के लिए आवेदन किया हुआ है। मगर, निगम की ओर से कनेक्शन नहीं लगाया जा रहा है। गौरीपुर गांव की प्रधान आरती ने बताया कि उन्होंने करीब छह माह पहले स्ट्रीट लाइटों के लिए बिजली कनेक्शन लेने को आवेदन किया था, लेकिन अभी भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके लिए कई बार ऊर्जा निगम के अधिकारियों के यहां भी चक्कर लगा चुके हैं।
निवाड़ा में लगने के बाद ही खराब हुई स्ट्रीट लाइटें
निवाड़ा गांव के ग्रामीण असगर और शहजाद आदि ने बताया कि गांव में कुछ समय पहले स्ट्रीट लाइटें लगी थी। कई स्ट्रीट लाइटें बरसात के कारण खराब हो गई। हालांकि इनमें से कुछ लाइटों को ठीक करा दिया गया है, लेकिन कई अभी भी खराब है।
स्ट्रीट लाइटें लगने के बाद ग्राम पंचायत सचिवों को विद्युत कनेक्शन लेने के निर्देश दिए गए हैं। 11 ग्राम पंचायतों की तरफ से आवेदन किया गया, लेकिन अभी तक कनेक्शन नहीं हो सके। जल्द ही सभी ग्राम पंचायतों में लगी स्ट्रीट लाइटों के लिए विद्युत कनेक्शन दिलवा दिया जाएगा। - अमित त्यागी, डीपीआरओ, बागपत।
गांवों में कनेक्शन कराने के लिए सचिवों को पत्र जारी किए गए है। कनेक्शन नहीं लिए जाने पर संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बिना कनेक्शन बिजली का उपयोग नहीं करने दिया जाएगा। - अमर सिंह, एक्सईएन ऊर्जा निगम, बागपत।