-हत्या की जताई आंशका, जल्द कार्रवाई करने की मांग
बड़ौत। बिजराैल गांव के काफी संख्या में ग्रामीण शनिवार को कोतवाली पहुंचे और गांव से 14 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुई किशोरी को बरामद करने की मांग की। ग्रामीणों ने किशोरी की हत्या किए जाने की भी आशंका जताई। साथ ही पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। सीओ ने आश्वासन देकर लौटा दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति की 15 साल की किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। आशंका जताई की गांव का ही एक युवक किशोरी को जबरन अपने साथ ले गया। वह उसकी हत्या भी कर सकता है, लेकिन सूचना देने के 14 दिन बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों ने किशोरी को बरामद करने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों के साथ आई महिलाओं ने कोतवाली में धरना भी दिया। उनकी पुलिस कर्मियों के साथ तीखीं नोकझोंक भी हुई। हालांकि कोतवाली में मौजूद सीओ सविरत्न गौतम व इंस्पेक्टर देवेश कुमार सिंह ने उन्हें आश्वासन देकर लौटा दिया। सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि जल्द ही किशोरी की बरामदगी कर ली जाएगी। इसके लिए पुलिस टीम लगा रखी है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान हरेन्द्र पहलवान, कृष्णपाल, आंनद, सुधीर, प्रमोद शामिल रहे।