बागपत। ग्राम विकास अधिकारी व ग्राम पंचायत अधिकारी समन्वय समिति के बैनर तले शनिवार को ग्राम विकास अधिकारी व ग्राम पंचायत अधिकारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर विकास भवन पर धरना दिया।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि ग्राम विकास व पंचायत अधिकारियों का 25 लाख रुपये अवरुद्ध वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। मेडिकल क्लेम बजट होने के बावजूद धनराशि का भुगतान नहीं कराया जा रहा है। दो वर्ष का प्रमोशन पीरियड पूर्ण होने के बावजूद स्थाईकरण नहीं किया गया है। उन्होंने समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। धरना देने वालों में समिति के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार, कृष्णपाल तोमर, जोनी चौधरी, अनिल मान, हरिओम त्यागी, सुनील बंसल, सुधीर रूहेला, रवि कुमार, अजय, वेद प्रकाश, प्रवेंद्र कुमार, नितिन शर्मा, पवन राणा, आदि उपस्थित रहे।