बागपत कोतवाली में रविवार की देर रात सोता पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कोतवाली में पुलिस कितनी मुस्तैद है। आप खुद ही देख सकते है। रविवार की रात में एक सिपाही जनरल डायरी (जीडी) की लिखा पढ़ी में तैनात था। वह भी आराम से सो रहा था। वायरलेस और लैंड लाइन फोन लगातार बज रहा था। सिपाही को इसका कुछ नहीं पता था। इस दौरान सिपाही कैमरे में कैद हो गया। अफसरों को उस समय पता चला, जब सोते सिपाही का वीडियो वायरल हो गया।
पुलिस अफसर हर मीटिंग में अपने अधीनस्थों को लगन, ईमानदारी से ड्यूटी करने और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की हिदायत देते हैं। अफसरों के आदेश का कितना पालन हो रहा है। इसका पता बागपत कोतवाली में रविवार की रात में पता चलता है। यह हाल तो तब है, जब पांच माह पहले बिनौली थाने से हत्या का मुल्जिम भाग चुका है।
इसके बाद भी पुलिस वाले सबक लेने को तैयार नहीं है। ऐसी स्थिति में कोतवाली में कोई आपराधिक वारदात हो जाए या मुल्जिम फरार हो जाए तो कौन जिम्मेदार होगा। कोतवाली में रविवार की रात में सोते सिपाही का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया।
इस संबंध में एएसपी अजय कुमार सिंह ने कहा कोतवाली के ऑफिस में ड्यूटी पर तैनात सिपाही का सो जाना बड़ी लापरवाही है। इसकी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।