एसपी ने सीओ सदर ओमपाल सिंह को दी मामले की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। हरियाणा बार्डर की निवाड़ा पुलिस चौकी पर ट्रकों से अवैध वसूली का खेल फिर सामने आया है। सिपाही ने एक ट्रक से रुपये लिए। इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया गया। एसपी अजय कुमार सिंह ने सिपाही को लाइन हाजिर कर प्रकरण की जांच सीओ सदर ओमपाल सिंह को दी है।
हरियाणा बार्डर की निवाड़ा पुलिस चौकी पर रह-रहकर सवाल उठते रहे हैं। अवैध वसूली के कारण कई बार यहां पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई भी हुई है। रविवार को सिपाही अनुज कुमार का वीडियो वायरल हुआ। इसमें एक ट्रक चालक से रुपये लेते हुए वीडियो बनाया गया है। वीडियो में सिपाही का चेहरा दिखता है और रुपये दिए जाते हैं। वीडियो वायरल होने का मामला एसपी अजय कुमार सिंह की जानकारी में पहुंचा। सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है।