बागपत। बली गांव निवासी विशेष लोक अभियोजक नरेंद्र पंवार के बेटे बीए के छात्र वंश पंवार को साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट कर ठगी करने के बाद जेल भेजने की धमकी दी थी। इससे डरकर उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने साइबर ठग सद्दाम निवासी खाईका जिला पलवल हरियाणा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि उसके दो साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
विशेष लोक अभियोजक नरेंद्र पंवार निवासी बली ने 14 सितंबर को बागपत कोतवाली में अपने बेटे बीए के छात्र वंश की गुमशुदगी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका बेटा वंश श्रीराम कॉलेज में बीए का छात्र है, जो 12 सितंबर की दोपहर श्रीराम कॉलेज से घर वापस आया और फोन रखकर चला गया। फोन में मिली ऑडियो रिकार्डिंग में वंश ने साइबर ठगी होने पर घर छोड़कर जाने, सुसाइड करने की बात कही। इसके बाद वंश का शव बूढ़पुर रेलवे हाल्ट पर ट्रेन से कटा हुआ मिला। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि वंश के साथ हुई घटना में कई टीमों को लगाया गया।
जांच में नूंह-मेवात क्षेत्र के तीन साइबर ठगों के नाम सामने आए। इसमें पलवल पुलिस के साथ मिलकर सद्दाम निवासी खाईका को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सद्दाम ने बताया कि वंश के मोबाइल में एक ऐप डाउनलोड हो गया था। उसके आधार पर वंश के संपर्क में आए और फिर उसे डिजिटल अरेस्ट कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वंश से 31 हजार रुपये की ठगी करने के बाद और रुपयों की मांग की गई। वंश ने देने से मना किया तो एक साथी ने फोन कर वंश को घर आकर गिरफ्तार करने की धमकी दी थी। घटना में शामिल दो आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।