-आपूर्ति में देरी होने पर बिजलीघर में पहुंचे तीन युवकों ने मचाया उत्पात
-मशीनें गिराने के साथ ही कंप्यूटर, मेज, कुर्सी तोड़ी तो लॉगबुक भी फाड़ी
फोटो 7
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला। कंडेरा बिजलीघर की लाइन में शनिवार रात फाल्ट होने के कारण बिजली आपूर्ति में देरी हुई तो तीन युवकों ने पहुंचकर वहां तोड़फोड़ कर दी। एसएसओ ने उनको रोकने का प्रयास किया तो उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। इस मामले में रमाला थाने में एसएसओ ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कंडेरा बिजलीघर की लाइन में शनिवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे फाल्ट हो गया। इससे बिजली आपूर्ति में देरी हो गई। इसको लेकर गांव के तीन युवक वहां पहुंच गए और जाते ही एसएसओ विपिन कुमार के साथ अभद्रता करते हुए मेज व कुर्सी पलट दी। एसएसओ ने लाइन में फाल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होने की बात कही तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। इसके साथ ही मशीनों को गिरा दिया और लॉगबुक फाड़ दी। एसएसओ ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इस मामले में मुकदमा कराया गया है। वहीं अधिशासी अभियंता द्वितीय बड़ौत नितिन जायसवाल भी घटना का पता चलने पर रविवार को बिजलीघर पर पहुंच गए। इस मामले में पुलिस से जल्द कार्रवाई के लिए कहा गया है। पुलिस के अनुसार युवकों की पहचान की जा रही है, उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।