बागपत। जिले में आज से 18 से 44 आयु वर्ग के लाभार्थियों के टीकाकरण के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसका प्लान तैयार कर लिया है। जिले में प्रतिदिन एक हजार लाभार्थियों का टीका लगाया जाएगा। इनके लिए पांच हजार वैक्सीन उपलब्ध हैं। वहीं, डीएम राजकमल यादव ने टीकाकरण केंद्रों पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
सीएमओ डॉ. आरके टंडन ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार एक जून से शुरू होने वाले विशेष टीकाकरण अभियान का माइक्रोप्लान तैयार कर लिया है। आज से जिले के 12 केंद्रों पर सत्र लगाकर प्रतिदिन एक हजार लाभार्थियों का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए लाभार्थी को आयु प्रमाण पत्र और पंजीकरण का ओटीपी के साथ केंद्र पर पहुंचना होगा। जिले में 18 से 44 आयु वर्ग के लाभार्थियों के लिए पांच हजार कोविशील्ड वैक्सीन उपल्ब्ध हैं। इनसे शनिवार तक का टीकाकरण किया जाएगा। केंद्र निर्धारित कर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी नियुक्त कर दिए हैं।
बागपत में सम्राट पृथ्वीराज डिग्री कॉलेज, बड़ौत में जैन डिग्री कॉलेज, खेकड़ा में नगर पालिका कार्यालय, पिलाना में डॉ. भीमराव अंबेडकर सामुदायिक भवन अमीनगर सराय, बिनौली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दाहा, छपरौली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रमाला में टीकाकरण किया जाएगा। इनके अतिरिक्त सम्राट पृथ्वीराज डिग्री कॉलेज बागपत व जैन डिग्री कॉलेज बड़ौत में अभिभावक स्पेशल टीकाकरण अभियान के लिए सत्र लगाया जाएगा। न्यायिक अधिकारियों के लिए जिला कोर्ट, मीडियाकर्मियों के लिए लोकमंच कलक्ट्रेट, अधिवक्ताओं के लिए जिला बार एसोसिएशन में और सरकारी कर्मचारियों के लिए विकास भवन में विशेष सत्र लगाकर टीकाकरण किया जाएगा। जिले में चार केंद्रों कोर्ट, विकास भवन, बार एसोसिएशन और लोकमंच कलक्ट्रेट में 50-50 लाभार्थियों का टीकाकरण किया जाएगा। अन्य सभी केंद्रों पर 100-100 लाभार्थियों का प्लान तैयार किया गया है।