बागपत। शहर के मेरठ रोड स्थित वात्सायन पैलेस में शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने खाद्य पदार्थ विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षक ने कहा कि खाद्य पदार्थों में प्लास्टिक और रंगों का प्रयोग न करें, जो सेहत के लिए ठीक नहीं है।
प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षक आंचल भाटिया ने कोरोना व ओमिक्राॅन जैसी महामारी के दौरान दुकानदारों को कार्य करने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में प्लास्टिक, रंग का प्रयोग न करें जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। खाद्य पदार्थ विक्रेता अपनी दुकानों में सफाई पर विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने कहा कि सभी दुकानदारों के पास फास्टेग प्रशिक्षण प्रमाणपत्र होना जरूरी है। छापा मारने के दौरान प्रमाणपत्र नहीं मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी चालान काटने की कार्रवाई करेंगे।
मौके पर जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मानवेंद्र सिंह ने नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। मौके पर रमेश कुशवाहा, नंदलाल डोगरा, संजय रुहेला, राजपाल शर्मा, अमित अग्रवाल मौजूद रहे।