-पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज खंगाली, कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुए लोग
फोटो पांच और पांच ए
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। क्यामपुर गांव में शनिवार रात श्री शिव मंदिर कुएं वाला में स्थापित शनिदेव की मूर्ति खंडित कर दी गई। मामले की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई और हंगामा कर दिया। पुलिस कर्मियों ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और जांच शुरू कर दी।
क्यामपुर के रहने वाले शिवम, गौरव कुमार, सुरेश आदि ने बताया कि एक महीने पहले गांव में श्री शिव मंदिर कुए वाले का निर्माण कराया गया। शिवरात्रि पर प्राण प्रतिष्ठा कर मूर्ति स्थापित कराई गई थी। आरोप लगाया कि मंदिर के बाहर स्थापित शनिदेव महाराज की मूर्ति शनिवार देर रात खंडित कर दी गई। रविवार सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना करने आये श्रद्धालुओं ने खंडित मूर्ति देखी तो आक्रोश पनप गया। इसके बाद उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद सीओ हरीश भदौरिया ने भी मंदिर का निरीक्षण किया। साथ ही ग्रामीणों से वार्ता कर पूरी जानकारी हासिल की। सीओ हरीश भदौरिया का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपी का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।
-
मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगवाएंगे ग्रामीण
भगवान शनिदेव की मूर्ति खंड़ित होने के बाद पुलिस ने ग्रामीणों से सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की। इस पर ग्रामीणों ने जल्द ही मंदिर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की बात कही।