बागपत। सिलाई मशीन की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को महिलाओं ने तहसील में हंगामा प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि उन्हें मशीन वितरण के लिए बुलाया गया था, मगर मशीन वितरित नहीं की गई।
तहसील पहुंची रुखसाना, इमरान, पूजा सरिता, लता, गुल्फशा आदि का कहना था कि उन्होंने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत दिल्ली रोड स्थित रिसोर्ट में 17 दिसंबर को छह दिवसीय प्रशिक्षण लिया था। प्रशिक्षण के उपरांत महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए थे। महिलाओं का कहना था कि बृहस्पतिवार को उन्हें तहसील में सिलाई मशीन वितरण के लिए बुलाया गया था, मगर मशीन वितरित नहीं की गई। इस पर महिलाओं ने तहसील में जमकर हंगामा किया। उधर, जिला उद्योग अधिकारी का कहना था कि विभाग की ओर से छह सौ महिलाओं को सिलाई मशीन वितरित की जानी है, 125 महिलाओं को मशीन वितरित की जा चुकी है।