बड़ौत (बागपत)। सीएचसी में बुधवार को कोरोना की जांच कराने पहुंचे लोगों ने जांच किट खत्म होने की बात सुनकर हंगामा शुरू कर दिया। मरीज और स्वास्थ्य कर्मियों के बीच नोकझोंक हो गई। सीएचसी अधीक्षक ने हस्तक्षेप कर लोगों को समझा- बुझाकर शांत किया।
बुधवार को नगरीय क्षेत्र के अलावा जौनमाना, ढ़िकाना, बड़ौली, लुहारी, बोहला, मलकपुर आदि गांव के लोग सीएचसी में कोरोना की जांच कराने पहुंचे। कुछ मरीजों की जांच के बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने जांच किट खत्म होने की बात कह दी। इसके जानकारी होते ही अन्य लोग नाराज हो गए। वह स्वास्थ्य कर्मियों से उलझ गए। लोगों ने आरोप लगाया कि पिछले तीन दिन से सीएचसी पर कोरोना जांच कराने आ रहे हैं, लेकिन जांच नहीं हो रही है। मामला बढ़ता देखकर सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। इनका कहना था कि सुबह 50 लोगों की जांच होने के बाद जांच किट खत्म हो गई थी, सीएमओ को इस संबंध में अवगत कराया जा चुका है। हंगामा करने वालों में रूपेश, संजीव, प्रमोद, नीरज, अंकुर, विकास, दिनेश, सुधीर शामिल आदि शामिल रहे।