संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला (बागपत)। थाना क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ के बाद आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई न होने और गांव में अफवाह फैलाने से आहत होकर जहरीला पदार्थ निगलने वाली किशोरी की उपचार के दौरान मौत हो गई। उसका शव बुधवार शाम को गांव में पहुंचा तो परिजनों ने पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई और आर्थिक सहायता समेत अन्य मांगों को लेकर हंगामा कर दिया। देर शाम तक शव रखकर लोग हंगामा करते रहे। एसडीएम और सीओ ने पहुंचकर सभी मंागों को पूरा कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए।
किशोरी ने तीन दिन पहले एक व्यक्ति के घर में घुसकर छेड़छाड़ करने के मामले में कार्रवाई नहीं करने और गांव में अफवाह फैलने से आहत होकर विषाक्त पदार्थ निगल लिया था। उसका मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा था। मंगलवार रात को उसकी मौत हो गई। शव बुधवार शाम करीब चार बजे गांव में पहुंचा तो भीड़ एकत्र हो गई। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। किशोरी का शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा सहित अन्य मांग पूरी नहीं होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। हंगामा होने का पता चलने पर भारी पुलिस बल पहुंच गया। एसडीएम बड़ौत सुभाष सिंह, सीओ बड़ौत युवराज सिंह ने परिवार के साथ बातचीत की और उनको काफी देर तक समझाने का प्रयास करते रहे। परिवार अपनी सभी मांगों को पूरा कराने के लिए अड़ा रहा और शव को कलक्ट्रेट में लाकर रखने की चेतावनी दी। इस पर एसडीएम व सीओ ने पीड़ित परिवार से मांगपत्र लिया और सभी मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया।
यह था मामला
किशोरी की मां ने बताया कि 15 मई को वह अपनी दो बेटियों साथ घर में मौजूद थी। इस दौरान दूसरे वर्ग का एक व्यक्ति अर्द्धनग्न हालत में उनके घर में घुस आया और उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने लगा। युवक के दो साथी और आ गए। विरोध करने पर आरोपी ने उसे और उसकी दोनों बेटियों को पीटा। बाद में लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने खुद तहरीर लिखवाकर आरोपी को मारपीट के मुकदमे में गिरफ्तार कर लिया। मगर, बाद में उसे थाने से छोड़ दिया। इसके साथ ही गांव में किसी ने अफवाह फैला दी कि उस व्यक्ति को किशोरी ने बुलाया था। इन कारणों से 16 मई की शाम आहत होकर किशोरी ने विषाक्त पदार्थ निगल लिया था।
आरोपी की बेटी की 28 मई को शादी, गांव में देने आया था कार्ड
इस पूरे मामले में आरोपी को लेकर एक नई जानकारी पुलिस के सामने आई है। आरोपी की बेटी की 28 मई को शादी है और वह गांव में कार्ड देने आया था। वह अपने दो साथियों के संग आया था। पुलिस का मानना है कि इससे यह साफ हो गया है कि गांव में उसे लेकर केवल अफवाह फैलाई गई थी कि उसे किसी ने बुलाया था।
बागपत के रमाला थाना क्षेत्र के एक गांव में तैनात पुलिसफोर्स- फोटो : BAGHPAT
रमाला थाना क्षेत्र के एक गांव में तैनात पुलिसफोर्स व मौजूद भीड़- फोटो : BAGHPAT